अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में लगी आग

06 Nov 2026 16:08:53
पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग


- राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोका गया, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

चंडीगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। पंजाब के अमृतसर से पश्चिमबंगाल के जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में शुक्रवार को आग लग गई। गाड़ी को आपात स्थिति में पटियाला जिले के राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोका गया। आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके चलते रेलवे ने 8 ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए हैं।

रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोच में आग लगने की सूचना मिली। ट्रेन दोपहर 12:58 बजे फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ रेलवे स्टेशन से निकली थी। इसके कुछ देर बाद इंजन से पांचवें कोच नंबर 265287 जीएस तक आग लगने की जानकारी मिली। ट्रेन के इंजन से पांचवें कोच तक आग फैलने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, दमकल विभाग और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सकुशल निकाला और स्थिति को काबू किया। रेलवे ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।

शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है। कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के बाद रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इसके चलते रेलवे ने 8 ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए हैं। अंबाला मंडल की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार डाउन दिशा की 5 और अप दिशा की 3 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया गया।

अंबाला रेलवे मंडल के पीआरओ नीरज ने बताया कि अमृतसर से बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना के बाद अंबाला रेलवे मंडल की मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंची है। डीआरएम विनोद कुमार भाटिया भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। विस्तृत ब्यौरा आने का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Powered By Sangraha 9.0