खेल के मैदान में एमएलएसएम कॉलेज का जलवा, बैडमिंटन में उपविजेता तो कबड्डी में तीसरा स्थान

06 Nov 2026 18:48:53
दरभंगा:खेल प्रतियोगिता में दोहरी सफलता पर एमएलएसएम कॉलेज के खिलाड़ियों  में उत्साह।


दरभंगा, 06 नवंबर (हि.स.)। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। बैडमिंटन प्रतियोगिता में कॉलेज की टीम उपविजेता रही, जबकि कबड्डी में तीसरा स्थान हासिल किया।

बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में एमएलएसएम कॉलेज का सामना आरके कॉलेज, मधुबनी से हुआ। इसमें राधा रानी और श्रुति कुमारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वहीं, कबड्डी में एमएलएसएम कॉलेज की टीम ने केएस कॉलेज, दरभंगा को पीछे छोड़ते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इस दोहरी सफलता पर प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों के साथ टीम प्रबंधक अनूप कुमार झा एवं सुनील कुमार चौधरी के योगदान की सराहना की। उन्होंने सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, प्रबंधकों के मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के सहयोग को दिया। धनतेरस के अवसर पर मिली इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल रहा। शिक्षकों और छात्राओं ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Powered By Sangraha 9.0