लगातार 7वें दिन मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार उछाल

06 Nov 2026 17:02:53
प्रतीकात्मक


- 27 फरवरी के बाद पहली बार सेंसेक्स 81 हजार और निफ्टी 25 हजार के स्तर के पार पहुंचे

नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार सातवें कारोबारी दिन मजबूती का माहौल बना रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मुख्य सूचकांकों ने धनतेरस के मौके पर जबरदस्त तेजी दिखाई। ग्लोबल मार्केट में मचे हाहाकार और अमेरिकी टेक कंपनियों में आई भारी मंदी के बावजूद भारतीय बाजार आज त्योहार के रंग में रंगा नजर आया। हालांकि, आज सुबह बाजार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव के कारण दोनों सूचकांकों ने लाल निशान में गोता लगा दिया।

बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया। प्राइवेट बैंकिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर के हैवीवेट शेयरों में आई तूफानी तेजी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने न सिर्फ अपनी शुरुआती गिरावट को पूरी तरह पाट दिया बल्कि तूफानी रफ्तार पकड़ते हुए दिन के ऊपरी स्तर पर बंद होने में सफल रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.17 प्रतिशत और निफ्टी 2.01 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ बंद हुए। आज की इस तेज छलांग की बदौलत निफ्टी ने 27 फरवरी के बाद पहली बार 25,000 अंक के स्तर को और सेंसेक्स ने 81,000 अंक के स्तर को पार करने में सफलता हासिल की।

हालांकि, दिग्गज शेयरों की इस भारी तेजी के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके चलते मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। यही वजह रही कि दोनों मुख्य सूचकांकों के डे-हाई पर बंद होने के बाद भी आज निवेशकों की संपत्ति में सिर्फ 40,145.26 करोड़ रुपये का ही इजाफा हो सका। इसके साथ ही बाजार में शॉर्ट टर्म वोलैटिलिटी मापने वाला इंडिकेटर इंडिया वीआईएक्स भी आज 13.71 प्रतिशत के बड़े उछाल के साथ 17.72 के स्तर पर बंद हुआ, जो आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने का साफ संकेत दे रहा है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 103.65 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 79,413.66 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मुनाफावसूली और बिकवाली का भारी दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक शुरुआती सत्र में ही 293.96 अंक यानी 0.37 प्रतिशत लुढ़क कर 79,016.05 अंक के निचले स्तर तक गिर गया।

इसके बाद प्राइवेट बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के दिग्गज शेयरों में खरीदार पूरी तरह एक्टिव हो गए और चौतरफा लिवाली शुरू कर दी। खरीदारों के इस जबरदस्त सपोर्ट के दम पर सेंसेक्स की चाल में तेजी आ गई। थोड़ी देर में ही ये सूचकांक लाल निशान से उबर कर हरे निशान में पहुंच गया। इसके बाद भी खरीदारी जारी रहने से इस सूचकांक की तेजी जारी रही। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 2,011.97 अंक की जोरदार रिकवरी दिखाते हुए कुल 1,718.01 अंक यानी 2.17 प्रतिशत की भारी-भरकम बढ़त के साथ 81,028.02 अंक के दिन के ऊपरी स्तर पर पहुंच कर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने आज 1.60 अंक यानी 0.007 प्रतिशत की सांकेतिक उछाल के साथ 24,538.20 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी आज सुबह बाजार खुलते ही गिरावट का रुख बन जाने के कारण 148.55 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,388.05 अंक के निचले स्तर तक आ गया था।

इसके बाद बाजार में शुरू हुई चौतरफा खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी ने कुलांचे भरना शुरू कर दिया। लगातार हो रही खरीदारी के दम पर इस सूचकांक ने जल्दी ही वापस हरे निशान में अपनी जगह बना ली। इसके बाद भी खरीदारी जारी रहने के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 642.30 अंक की लंबी छलांग लगा कर कुल 493.75 अंक यानी 2.01 प्रतिशत के बड़े उछाल के साथ 25,030.35 अंक के डे-हाई पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर के शेयरों ने बाजार को ऊपर उठाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई, जिसके चलते निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 3 प्रतिशत से अधिक मजबूत होकर बंद हुआ। इसके साथ ही फार्मा और सरकारी बैंक (पीएसयू बैंक) इंडेक्स में भी आधे-आधे प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। ब्रॉडर मार्केट और सेक्टोरल फ्रंट की बात करें तो आज स्मॉलकैप शेयरों में मुनाफावसूली का अच्छा-खासा असर दिखा, जिसके कारण निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स भी दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद 0.02 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुआ।

बाजार के दोनों मुख्य सूचकांकों के रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद होने के बावजूद ब्रॉडर मार्केट की सुस्ती के चलते आज निवेशकों की दौलत में बहुत सीमित बढ़ोतरी हो सकी। बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले कारोबारी सत्र यानी गुरुवार के 5,02,70,373.34 करोड़ रुपये से बढ़ कर आज शुक्रवार को 5,03,10,518.60 करोड़ रुपये (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच गया। इस तरह बाजार की इस रिकॉर्ड छलांग के बाद भी निवेशकों की पूंजी में आज केवल 40,145.26 करोड़ रुपये का ही मुनाफा जुड़ सका।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों को देखें तो बाजार में गिरावट का रुख साफ हावी था, जहां कुल 4,626 शेयरों की ट्रेडिंग में से केवल 1,873 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए, जबकि 2,529 शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा और वे लाल निशान में बंद हुए। वहीं, 224 शेयर बिना किसी बदलाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 110 शेयर अपने एक साल के उच्च स्तर पर पहुंचे तो 102 शेयर एक साल के निचले स्तर पर फिसल गए।

एनएसई में आज 3,291 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,188 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,103 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 29 शेयर बढ़त के साथ और सिर्फ एक शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 42 शेयर हरे निशान में और आठ शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 5.11 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद होकर टॉप गेनर रहे। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक 4.75 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 3.95 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 3.72 प्रतिशत और टाइटन कंपनी 3.42 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल रहीं।

दूसरी ओर, बाजार की इस ऐतिहासिक तेजी के बीच बिकवाली के दबाव में फंसी टीएमपीवी 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ टॉप लूजर रही, जबकि इसके साथ ही आयशर मोटर्स 0.56 प्रतिशत ,पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 0.43 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 0.30 प्रतिशत और ग्रासिम इंडस्ट्रीज 0.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में बंद हुईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0