अमिताभ बच्चन की तबीयत बिगड़ी, एक हफ्ते से रुकी केबीसी की शूटिंग, ब्लॉग में दिया सेहत में सुधार का संकेत

07 Nov 2026 20:33:53
अमिताभ बच्चन, (फाईल फोटो)


- ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शूटिंग पर लगा ब्रेक

मुंबई,07 नवंबर (हि.स.)। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत को लेकर उनके प्रशंसकों की चिंता बढ़ गई है। उनकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते लोकप्रिय टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) की शूटिंग पिछले एक सप्ताह से रोक दी गई है। बताया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण शो के निर्माताओं ने नए एपिसोड की शूटिंग फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ बच्चन की सेहत को ध्यान में रखते हुए शूटिंग में अस्थायी विराम दिया गया है। वहीं, चैनल ने दिवाली स्पेशल कार्यक्रम के तहत पहले से शूट किए गए सेलिब्रिटी स्पेशल एपिसोड का प्रसारण शुरू कर दिया है। हाल ही में शो के एक विशेष एपिसोड में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे नजर आए थे। तीनों कलाकार अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण’ के प्रचार के सिलसिले में केबीसी के मंच पर पहुंचे थे। इस एपिसोड का प्रसारण फिल्म की रिलीज के आसपास करने की योजना थी।

हालांकि, अमिताभ बच्चन की तबीयत को लेकर बनी स्थिति के चलते प्रसारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। इसके बाद दिवाली स्पेशल सप्ताह की शुरुआत ‘रामायण’ की टीम वाले एपिसोड से की गई।बताया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन की तबीयत में सुधार होने पर अगले सप्ताह से शो की शूटिंग दोबारा शुरू हो सकती है। हालांकि, शूटिंग की शुरुआत पूरी तरह से उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करेगी।

ब्लॉग के जरिए अमिताभ ने दिया सेहत में सुधार का संकेत

इस बीच, अमिताभ बच्चन ने शनिवार को अपने ब्लॉग में काम और नियमित दिनचर्या की ओर धीरे-धीरे लौटने की बात कही। उन्होंने लिखा कि वह फिर से नियमित दिनचर्या और नियंत्रित कार्यशैली की ओर लौटने की प्रक्रिया में हैं। उनके मुताबिक, रोजमर्रा की जिंदगी में रहते हुए इंसान उसका आदी हो जाता है, लेकिन कुछ समय तक उससे दूर रहने के बाद वही दिनचर्या दोबारा शुरू करना अलग अनुभव होता है।

उन्होंने यह भी बताया कि कभी-कभी चश्मा और मोबाइल कहां रखा है या आगे क्या काम करना था, जैसी छोटी-छोटी बातें भी भूल जाती हैं। अमिताभ बच्चन के इस ब्लॉग से उनके धीरे-धीरे काम पर लौटने के संकेत जरूर मिले हैं। हालांकि, उनकी सेहत को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में उनके प्रशंसक जल्द स्वस्थ होकर उन्हें एक बार फिर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर देखने का इंतजार कर रहे हैं।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Powered By Sangraha 9.0