कैंसर की 1000 से ज्यादा दवाइयां होंगी सस्ती, 9 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें

युगवार्ता    07-Nov-2026
Total Views |
राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण


नई दिल्ली, 07 नवंबर (हि.स.)।

कैंसर का इलाज करा रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1000 से ज्यादा ब्रांड की दवाइयों की कीमतें कम कर दी हैं। नई कीमतें 9 नवंबर 2026 से लागू होंगी।

राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण के अनुसार, अब तक 76 दवा कंपनियों ने 1225 दवाइयों की नई कीमतों की जानकारी दी है। इनमें से 1031 दवाइयों के दाम कम हुए हैं। करीब 600 ब्रांड की कीमतों में 50 फीसदी से ज्यादा की कटौती की गई है। कुछ दवाइयों के दाम तो 96.45 फीसदी तक घटे हैं।

सरकार का अनुमान है कि दवाइयों की कीमतें कम होने से मरीजों को हर साल करीब 3502 करोड़ रुपये की बचत होगी।

नई कीमतों के अनुसार, ब्रिक्सटा इंजेक्शन की कीमत 25,995 रुपये से घटाकर 3,318 रुपये कर दी गई है। अबीरोन दवा अब 41,250 रुपये की जगह 3,218 रुपये में मिलेगी। इसी तरह पेग-रेलीग्रास्ट की कीमत 5,331 रुपये से घटाकर 1,258 रुपये और अजाडिन की कीमत 5,964.70 रुपये से घटाकर 1,199.50 रुपये कर दी गई है।

इन दवाइयों का इस्तेमाल स्तन कैंसर, फेफड़ों के कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, ब्लड कैंसर और अन्य प्रकार के कैंसर के इलाज में किया जाता है।

अस्पतालों और मेडिकल स्टोर को दिखानी होगी नई कीमत

सरकार ने सभी दवा दुकानदारों, अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों को नई कीमतों की सूची अपनी दुकानों और वेबसाइट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के औषधि नियंत्रक यह जांच करेंगे कि दवाइयां तय कीमत पर मिल रही हैं या नहीं। किसी मेडिकल स्टोर या अस्पताल में दवा नई कीमत से ज्यादा पर बेची जाती है, तो मरीज एनपीपीए की हेल्पलाइन 1800-11-1255 पर शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा [email protected] पर ईमेल भी भेज सकते हैं।

दवाइयों की नई कीमतों की जानकारी एनपीपीए की वेबसाइट www.nppa.gov.in और फार्मा सही दाम मोबाइल ऐप पर भी देखी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags