रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुकना में त्रिशक्ति कोर का किया दौरा, एलएसी पर सैन्य तैयारियों और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की समीक्षा की

07 Nov 2026 22:03:53
राजनाथ सिसिंह


कोलकाता , 07 नवंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के सुकना में सेना की त्रिशक्ति कोर (33 कोर) का दौरा किया और वहां की परिचालन (ऑपरेशनल) तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान उन्हें वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास बुनियादी ढांचे के विकास और सेना की युद्धक क्षमता बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान रक्षा मंत्री को एलएसी पर उन्नत सैन्य उपकरणों और उभरती हुई आधुनिक तकनीकों की तैनाती के बारे में अवगत कराया गया, जिनका मुख्य उद्देश्य सेना की अभियानगत क्षमताओं और युद्ध के मोर्चे पर प्रभावशीलता को बढ़ाना है। राजनाथ सिंह ने त्रिशक्ति कोर की चाक-चौबंद सैन्य तैयारियों पर गहरा संतोष व्यक्त किया।

इसके साथ ही, रक्षा मंत्री ने राष्ट्र निर्माण में त्रिशक्ति कोर के महत्वपूर्ण योगदान की जमकर सराहना की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और सामुदायिक कल्याण की दिशा में सेना द्वारा चलाई जा रही विभिन्न पहलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन प्रयासों से स्थानीय नागरिकों और समुदायों के साथ सेना के संबंध और अधिक मजबूत हुए हैं।

इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के अवसर पर थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ, पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) लेफ्टिनेंट जनरल वी.एम.बी. कृष्णन और 33 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल मन राज सिंह मान सहित सेना के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0