अहमर की घातक गेंदबाजी से एसए इंडोर क्लब ने दर्ज की जीत

07 Nov 2026 17:21:54
फोटो परिचय : एसए इंडोर क्लब के मैच विजेता गेंदबाज अहमर सैफी।


छह विकेट लेकर किशोरी लाल क्रिकेट क्लब को 56 रन से हराया, सीरीज में 1-1 से बराबरी

प्रयागराज, 07 नवंबर (हि.स.)। अहमर सैफी की शानदार गेंदबाजी की बदौलत एसए इंडोर क्रिकेट क्लब ने सेंट पीटर्स अंडर-12 क्रिकेट सीरीज के दूसरे मुकाबले में किशोरी लाल क्रिकेट क्लब को 56 रन से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ ही तीन मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर पहुंच गईं।

ईश्वर शरण इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर शनिवार को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसए इंडोर क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 25 ओवर में छह विकेट पर 121 रन बनाए। आदित्य राज सक्सेना ने 42 रन की पारी खेली, जबकि हनी सिंह ने 35 और शिवांक ने 20 रन का योगदान दिया। किशोरी लाल क्रिकेट क्लब की ओर से अंश कुमार ने दो विकेट लिए। प्रियांशु चौबे और आयुष मान राठौर को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी किशोरी लाल क्रिकेट क्लब की टीम एसए इंडोर क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18.2 ओवर में 65 रन पर सिमट गई। शिवांक ने 20 और शुभ ने नाबाद 14 रन बनाए। एसए इंडोर क्लब की ओर से अहमर सैफी ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में मात्र 12 रन देकर छह विकेट झटके। अनिकेत मौर्य, वैभव, हनी सिंह और आदि ने एक-एक विकेट हासिल किया। शानदार गेंदबाजी के लिए अहमर सैफी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Powered By Sangraha 9.0