प्रतीक-प्रांजल के दम पर एएस क्लब ने सीरीज में बनायी 2-0 की अजेय बढ़त

07 Nov 2026 16:58:53
फोटो परिचय : प्रतीक यादव एवं प्रांजल सिंह।


एएस क्रिकेट क्लब ने त्रिवेणीपुरम क्रिकेट क्लब को चार विकेट से हराया, प्रांजल सिंह बने मैन ऑफ द मैच

प्रयागराज, 07 नवंबर (हि.स.)। एएस क्रिकेट क्लब हनुमानगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए त्रिवेणीपुरम क्रिकेट क्लब को चार विकेट से पराजित कर तीन मैचों की क्रिकेट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। शनिवार को त्रिवेणीपुरम मैदान पर खेले गए सीरीज के दूसरे मुकाबले में प्रतीक यादव और प्रांजल सिंह ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए त्रिवेणीपुरम क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। दिव्यम ने सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि आयुष यादव ने 23 और वेदांश यादव ने 16 रनों का योगदान दिया। एएस क्लब की ओर से सर्वेश सरोज और मयंक यादव ने तीन-तीन विकेट तथा प्रांजल सिंह ने दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एएस क्रिकेट क्लब हनुमानगंज की टीम ने 22.3 ओवर में छह विकेट खोकर 165 रन बना लिए और मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। प्रतीक यादव ने 64 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि प्रांजल सिंह 34 रन बनाकर नाबाद रहे। मनु यादव ने 13 और कप्तान अंशु विश्वकर्मा ने 12 रन बनाए।

त्रिवेणीपुरम क्रिकेट क्लब की ओर से आयु पांडेय और अंश ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रुद्र पाल और हिमांशु यादव को एक-एक विकेट मिला। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रांजल सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Powered By Sangraha 9.0