
नई दिल्ली, 08 नवंबर (हि.स.)। अंडर-19 एशिया कप 2026 में रविवार को खेले गए करीबी मुकाबले में पाकिस्तान ने भारतीय टीम को तीन विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पाकिस्तान की इस जीत में हमजा जहूर का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 108 गेंदों में नाबाद 100 रन की शतकीय पारी खेली।
ओमान के अल अमरात क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पहला झटका जहांगीर बिलाल (5) के रूप में लगा। इसके बाद उस्मान खान (16) पवेलियन लौटे। अब्दुल कादिर (20) भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके। पाकिस्तान को चौथा और पांचवां झटका अहमद हुसैन (8) और फरहान यूसुफ (2) के रूप में लगा।
इसके बाद हसनैन अब्बास डार ने 38 रन की अहम पारी खेली। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा, लेकिन सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हमजा जहूर ने एक छोर संभाले रखा और 108 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी। पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में सात विकेट पर 209 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से मनल चौहान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट हासिल किए। मोहित उल्वा ने दो विकेट झटके, जबकि ईशान सूद और काव्य पटेल को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की खराब रही। टीम ने महज 22 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि वीके विनीत आठ और यशवर्धन चौहान एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद आर्यवीर सहवाग ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी २२ रन बनाकर आउट हो गए। अन्वय द्रविड़ ने 10 रन बनाए और मनल ने 11 रन का योगदान दिया। यशवीर गौड़ चार रन, काव्य पटेल 23 रन और मोहित उल्वा सात रन बनाकर आउट हुए।
हालांकि, एक छोर पर अर्जुन राजपूत ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने दबाव के बीच धैर्य और संयम का परिचय देते हुए 107 रन की शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन तक पहुंच सकी।
पाकिस्तान की ओर से अली रजा, निकाब शफीक और रिजवानुल्लाह ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सैयाम को एक सफलता मिली।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह