राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व अन्य ने देशवासियों को दीपावली की दी शुभकामनाएं

08 Nov 2026 10:58:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 08 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व अन्य ने आज देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, दीपावली के शुभ अवसर पर मैं, भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। यह त्योहार रामराज्य के शुभारंभ का प्रतीक भी है। बुरी प्रवृत्तियों पर अच्छे संस्कारों की विजय का संदेश देने वाला यह पर्व हर प्रकार के कष्टों के समाप्त होने और सुखमय जीवन के आरंभ होने के विश्वास का अवसर भी है। दीपावली के अवसर पर, शुभारंभ एवं कल्याण के प्रदाता श्रीगणेश एवं सुख-समृद्धि की अधिष्ठात्री महालक्ष्मी की उपासना तथा सबके लिए खुशहाली की प्रार्थना की जाती है। मैं कामना करती हूं कि देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि व्याप्त हो, पर्यावरण संरक्षित रहे, समरसता और बंधुता के आदर्श और अधिक मजबूत हों तथा देशप्रेम की भावना से प्रेरित हमारी युवा पीढ़ी, आदर्श भारतीय मूल्यों के अनुरूप, विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान दे।

उपराष्ट्रपति कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की सार्वभौमिक जीत का प्रतीक है। यह उस शाश्वत आदर्श की याद दिलाती है सत्यमेव जयते यानी सत्य की ही जीत होती है। यह दीवाली हर घर में खुशहाली, शांति और समृद्धि लाए, और एकता तथा सद्भाव के बंधन को और मजबूत करे।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था वहां आज विकास की बहार है। वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दीपावली के इस पावन अवसर पर पर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे देश के वीर जवानों, देश का अन्न भंडार भरने वाले किसान भाइयों, राष्ट्र निर्माण में जुटे श्रमिकों, उद्यमियों, व्यापारियों और सभी देशवासियों को विशेष शुभकामनाएँ। प्रार्थना है कि माँ लक्ष्मी की कृपा से हर घर में सुख-समृद्धि आए, सभी के जीवन में खुशहाली हो, सबका व्यापार और उद्योग आगे बढ़ें तथा भारत आर्थिक एवं सामाजिक रूप से निरंतर सशक्त और समृद्ध बने।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रकाश, उल्लास और नवचेतना का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए। मंगलकामना है कि भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से हर घर आनंद और प्रकाश से आलोकित हो तथा सभी के जीवन में सकारात्मकता और उन्नति का संचार हो।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह दीपोत्सव आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि व सौभाग्य लेकर आए और नई ऊर्जा व उमंग का संचार करे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रकाश और खुशियों का यह महापर्व सभी के जीवन में नई उम्मीद की किरण और प्रकाश ले आए। यह पर्व सभी को नई ऊर्जा, सुख-शांति, समृद्धि और खुशियां प्रदान करें।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि यह पावन महापर्व आप सभी के जीवन में ज्ञान, वैभव, आरोग्य, सुख-सौभाग्य एवं समृद्धि लेकर आए। आप सभी के जीवन में धन-धान्य की प्रचुरता के साथ उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का निरंतर संचार हो। मां लक्ष्मी के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि सदैव बनी रहे।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्री गणेश एवं मां लक्ष्मी की कृपा आप सभी पर बनी रहे। सबके जीवन में सुख, समृद्धि, रिद्धि-सिद्धि आए, आपके घर-आंगन खुशियों और धन-धान्य से भर जाएं, यही प्रार्थना है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति में मनाया जाने वाला यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। माँ लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की कृपा से हर घर में सुख, समृद्धि और आरोग्य का वास हो।

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हर घर में खुशियों और समृद्धि के दीप जलें। यह पावन पर्व पूरे भारत में सुख, शांति, सौहार्द और नई उम्मीदों की रोशनी लेकर आए। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि भगवान श्री गणेश जी एवं मां लक्ष्मी जी से प्रार्थना करती हूं कि सभी देशवासियों का जीवन खुशियों से भर उठे, सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं रोशनी का संचार हो। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि दीपों का यह पावन पर्व हर घर-आँगन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियों का उजियारा बिखेरे। हर मन में आशा का दीप जले, हर जीवन में खुशियों का सवेरा हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0