
नई दिल्ली, 08 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने रविवार को देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन के अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उपराष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, एल. के. आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। दशकों तक उनकी जनसेवा और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और कुशल मंगल की कामना करता हूं।
भारत के प्रति आडवाणी के अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए लेख को साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न हों, नए सिरे से कुछ खड़ा करने का उनका ये संकल्प जीवनभर उनके साथ रहा। जनसंघ को मजबूत बनाने और बाद में भारतीय जनता पार्टी के निर्माण में भी उनका यही गुण सामने आया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल में देश की राजनीति ने बड़े बदलाव देखे। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हैं। वे इसी तरह सभी को प्रेरणा देते रहें और मार्गदर्शन करते रहें।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि राष्ट्र के प्रति लालकृष्ण आडवाणी का समर्पण, सार्वजनिक जीवन में आपका सुदीर्घ अनुभव तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणादायी है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन प्रदान करें। आपका सानिध्य सभी को निरंतर मिलता रहे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आडवाणी ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में शुचिता, समर्पण और नेतृत्व के नए प्रतिमान गढ़े हैं और उनके माध्यम से उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया है। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना से लेकर उसे देश के कोने-कोने तक पहुँचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रही है। उन्होंने अपने कृतित्व और व्यक्तित्व से भारतीय राजनीति को समृद्ध किया है। जनसेवा के प्रति समर्पित उनका जीवन और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर भाजपा के संस्थापक सदस्य, राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के उपप्रधानमंत्री, हर भूमिका में आडवाणी का जीवन जनसेवा व राष्ट्र प्रथम की जीवंत मिसाल है। संघर्ष, त्याग व तपस्या से भरे अपने जीवन से उन्होंने बताया है कि मातृभूमि व विचारधारा के प्रति समर्पण ही भाजपा के कार्यकर्ताओं की पहचान है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ईश्वर से अडवाणी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करते हैं। उनका मार्गदर्शन इसी तरह सभी मिलता रहें, यहीं कामना है।
केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि राष्ट्र के प्रति आपका (आडवाणी) समर्पण, विचारों की दृढ़ता, सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा और संगठन के प्रति आपकी साधना भारतीय राजनीति के इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगी। भाजपा को एक सशक्त संगठन के रूप में स्थापित करने से लेकर राष्ट्र निर्माण में आपके अतुलनीय योगदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रभु श्री राम की कृपा आप (आडवाणी) पर अनवरत बरसती रहे। आप सदैव स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों, और आपका स्नेहिल आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन सबको सर्वदा प्राप्त होता रहे, यही प्रार्थना करते हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक, संगठन के विस्तार, राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में आपका (आडवाणी) अविस्मरणीय योगदान रहा है। सार्वजनिक जीवन में आपकी शुचिता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी