इजराइल में सत्ता की जंग तेज, नेतन्याहू ने की 'राष्ट्रीय एकता' सरकार बनाने की अपील

युगवार्ता    08-Nov-2026
Total Views |
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (फाइल फोटो)


यरुशलम, 07 नवंबर (हि.स.)। इजराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। चुनाव में बहुमत गंवाने के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने 'राष्ट्रीय एकता' सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपने निवर्तमान गठबंधन के सभी सहयोगियों के साथ सरकार बनाने का आग्रह करते हुए अरब दलों के समर्थन से बनने वाली सरकार को देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताया।

नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि अरब दल इजराइल का अस्तित्व समाप्त करना चाहते हैं और उनके समर्थन पर निर्भर सरकार हमास के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाएगी। उन्होंने गाजा और लेबनान में तैनात इजराइली सैनिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। साथ ही यूरोप में हालिया हिंसक प्रदर्शनों का हवाला देते हुए इजराइल में गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका व्यक्त की।

नेतन्याहू की प्रस्तावित एकता सरकार में उनकी लिकुड पार्टी के अलावा अति-दक्षिणपंथी धार्मिक जायनिज्म, ओत्जमा येहुदित और अति-रूढ़िवादी यहूदी दलों को भी शामिल करने की बात कही गई है। हालांकि, उन्होंने सरकार के नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की।

27 अक्टूबर को हुए चुनाव में नेतन्याहू के गठबंधन को 120 सदस्यीय नेसेट में 53 सीटें मिली थीं, जबकि गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाले चार दलों के गठबंधन को 48 सीटें हासिल हुईं। दो अरब दलों के पास 19 सीटें हैं और वे आइजेनकोट का समर्थन कर रहे हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags