खरगे के ‘खुशियों की ईद’ वाले बयान की भाजपा और विहिप ने की निंदा

09 Nov 2026 15:10:53
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए।


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताने वाले बयान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने निंदा की है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इसे करोड़ों हिन्दुओं की भावनाओं को आहत करने वाला बयान बताते हुए कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण और हिन्दू विरोधी मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। वहीं, विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने खरगे के बयान को पूरे हिन्दू समाज का अपमान बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष से माफी मांगने की मांग की।

गौरव भाटिया ने सोमवार को यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि खरगे के बयान राहुल गांधी और सोनिया गांधी की हिन्दू तथा सनातन विरोधी मानसिकता को दर्शाते हैं। खरगे कांग्रेस के ऐसे अध्यक्ष हैं, जिन्हें सोनिया गांधी नियंत्रित करती हैं और राहुल गांधी उनके बयानों को दिशा देते हैं। दीपावली दुनिया के सबसे प्राचीन धर्मों और संस्कृतियों में से एक हिन्दू धर्म का प्रमुख त्योहार है। भगवान राम सभी के आराध्य हैं। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष को दीपावली कहने में भी परेशानी क्यों हो रही है।

भाटिया ने कहा कि जब पूरा देश दीपावली की शुभकामनाएं दे रहा था, तब खरगे ने इसे पूरी दुनिया के लिए ‘खुशियों की ईद’ बताया। क्या कांग्रेस की राजनीति अब हिन्दू त्योहारों की पहचान बदलने की हो गई है। खरगे के इस बयान से करोड़ों हिन्दुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। भाटिया ने राहुल गांधी और खरगे को चुनौती देते हुए कहा कि जब ईद आए तो वे उसे ‘खुशियों की दीपावली’ कहकर दिखाएं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का चरित्र मुस्लिम वर्ग का तुष्टीकरण करना और हिन्दू समाज की भावनाओं को आहत करना रहा है। दीपावली खुशियों, आनंद और समावेशिता का त्योहार है, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के बयान ने इस अवसर पर भी हिन्दू समाज की भावनाओं को चोट पहुंचाई है। खरगे के बयान कांग्रेस की उसी मानसिकता को आगे बढ़ाते हैं, जिसका भाजपा लगातार विरोध करती रही है।

विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी खरगे के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके अध्यक्ष को अब हर त्योहार में ईद दिखाई देती है। उन्होंने इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण, शर्मनाक और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरे हिन्दू समाज के अपमान का एक और उदाहरण है। बंसल ने कांग्रेस अध्यक्ष से माफी मांगने की मांग की।

बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए हिन्दू त्योहार गर्व का विषय नहीं, बल्कि शर्म का विषय बन गए हैं। हिन्दू परंपराओं का मजाक उड़ाने और भारतीय संस्कृति का अपमान करने में कांग्रेस को न जाने कैसा सुख मिलता है। क्या तुष्टीकरण की राजनीति इतनी आगे बढ़ गई है कि कांग्रेस देश के बहुसंख्यक हिन्दू समाज की भावनाओं का सम्मान करना भी जरूरी नहीं समझती।

विहिप प्रवक्ता ने कहा कि क्या कांग्रेस अपने सहयोगियों की तरह हिन्दू त्योहारों और सनातन संस्कृति के खिलाफ खड़ी है। यह केवल एक बयान का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों हिन्दुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा प्रश्न है। कांग्रेस को इस पर जवाब देना चाहिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0