जम्मू-कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश, बर्फबारी का अलर्ट

युगवार्ता    09-Nov-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। देश के मौसम में अगले कुछ दिनों में बड़ा बदलाव होने के आसार हैं। एक तरफ दिल्ली में ठंड के साथ कोहरा गहराने के आसार हैं, वहीं जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर-पश्चिम के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भारी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों के दौरान आसमान मुख्यतः साफ रहने के आसार हैं। सुबह और देर रात के समय अधिकतर हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इस बीच का अधिकतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिम भारत क्षेत्रों में 10 नवंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने के आसार हैं। इस कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में 12-13 नवंबर को कश्मीर घाटी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 10-15 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। पंजाब में 12-15 नवंबर के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

दक्षिण और पूर्वी भारत के दक्षिण प्रायद्वीप क्षेत्रों में तमिलनाडु में 10 नवंबर को जबकि केरल तथा माहे में 10-15 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है। कोमोरिन क्षेत्र के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण केरल और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बनी रहेगी। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में 10-15 नवंबर के दौरान में व्यापक बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 10-14 नवंबर के बीच 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10-12 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है। 11 नवंबर को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags