भारत और ईयू व्यापार, निवेश एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमत

09 Nov 2026 22:04:52
भारत-ईयू समीक्षा बैठक की जारी तस्वीर


भारत-ईयू समीक्षा बैठक की जारी तस्वीर


- नई दिल्ली में 7वीं भारत-ईयू समीक्षा बैठक में व्यापार-निवेश और तकनीक सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने अगले महीने प्रस्तावित बड़े व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने से पहले सोमवार को व्यापार एवं निवेश, क्वांटम प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है।

भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी की 7वीं समीक्षा बैठक आज नई दिल्ली में आयोजित की गई। इसकी सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और यूरोपीय संघ के भू-आर्थिक और अंतर-संस्थागत मामलों के उप महासचिव मैट्टी मासीकस ने की। बैठक में भारत-ईयू ने अपनी साझेदारी के सभी पहलुओं और संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडा के कार्यान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की।

इस बैठक में दोनों पक्षों ने कहा है कि इससे पारस्परिक लाभ वाले और दूरगामी परिणाम हासिल किए जा सकेंगे। इसके साथ ही दोनों पक्षों ने प्रस्तावित निवेश संरक्षण समझौते और भौगोलिक संकेतक (जीआई) समझौते को भी अंतिम रूप देने की दिशा में काम जारी रखने पर सहमति जताई है।

नई दिल्ली में संपन्न हुई भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी की 7वीं समीक्षा बैठक (एसपीआरएम) में दोनों पक्षों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक समीक्षा की गई है। इस समीक्षा बैठक में दोनों पक्षों ने कृत्रिम मेधा (एआई), क्वांटम प्रौद्योगिकी, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे (डीपीआई), उन्नत सेमीकंडक्टर, स्वच्छ प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी सहित महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा की। इसके अलावा दोनों पक्षों ने डिजिटल क्षेत्र में बेहतर माहौल बनाने और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई।

इसके बाद जारी एक संयुक्त बयान के अनुसार, ‘‘दोनों पक्षों ने व्यापार एवं निवेश सहयोग बढ़ाने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की। इसमें भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर समयबद्ध हस्ताक्षर और उसका क्रियान्वयन तथा निवेश संरक्षण समझौते और भौगोलिक संकेतक समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम जारी रखना शामिल है।’’ बयान में कहा गया, ‘‘चर्चा में आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी शामिल रहे। इसमें व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) और ब्लू वैलीज पहल के तहत रणनीतिक सहयोग पर भी चर्चा हुई।’’

उल्लेखनीय है कि भारत और 27 देशों के समूह यूरोपीय संघ के अगले महीने महत्वाकांक्षी मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद है। इसे ‘सभी समझौतों की जननी’ कहा जा रहा है। इससे दो अरब लोगों का एक बड़ा बाजार तैयार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0