सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए दिल्ली की टीम घोषित, आयुष बडोनी होंगे कप्तान

09 Nov 2026 12:33:52

प्रियांश आर्य को मिली उपकप्तानी

नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए दिल्ली की 16 सदस्यीय पुरुष सीनियर टीम की घोषणा कर दी है। आयुष बडोनी को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि प्रियांश आर्य उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। घरेलू टी-20 प्रतियोगिता का आयोजन 14 नवंबर से इंदौर में होगा।

डीडीसीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, टीम का चयन 6 नवंबर को डीडीसीए परिसर में आयोजित सीनियर पुरुष चयन समिति की बैठक में किया गया। बैठक में चयन समिति के अध्यक्ष के. भास्कर पिल्लई, चयनकर्ता मनु नायर और प्रवीण गुप्ता, मुख्य कोच विजय दहिया, क्रिकेट सलाहकार समिति के अध्यक्ष सरनदीप सिंह तथा डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा मौजूद रहे।

दिल्ली की टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ उभरती प्रतिभाओं को भी मौका दिया गया है। टीम का लक्ष्य आगामी घरेलू टी-20 प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

दिल्ली की 16 सदस्यीय टीम: आयुष बडोनी (कप्तान), प्रियांश आर्य (उपकप्तान), सार्थक रंजन, यश ढुल, आयुष दोसजा, तेजस्वी (विकेटकीपर), अनुज रावत (विकेटकीपर), हिम्मत सिंह, मयंक रावत, केशव डबास, सुयश शर्मा, दिग्वेश, ईशांत शर्मा, हर्षित राणा, मयंक यादव और सिमरजीत सिंह।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0