विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए दिल्ली की अंडर-16 टीम घोषित, पार्थ डबास को मिली कप्तानी

युगवार्ता    09-Nov-2026
Total Views |
डीडीसीए लोगो


पहले दो मुकाबलों में दिल्ली की कमान संभालेंगे पार्थ, 14 नवंबर से ग्वालियर में शुरू होगा टूर्नामेंट

नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने आगामी विजय मर्चेंट ट्रॉफी 2026-27 के लिए दिल्ली की 16 सदस्यीय अंडर-16 टीम की घोषणा कर दी है। पार्थ डबास को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वह टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों में दिल्ली की अगुआई करेंगे।

घरेलू सत्र 2026-27 के तहत आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट के लीग चरण के मुकाबले 14 नवंबर से ग्वालियर में शुरू होंगे। घोषित टीम में दो विकेटकीपर आयुष्मान अधिकारी और युविश सिंह को भी शामिल किया गया है।

डीडीसीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, टीम का चयन 6 नवंबर को डीडीसीए परिसर में आयोजित जूनियर पुरुष चयन समिति की बैठक में किया गया।

बैठक में समिति की अध्यक्षता कर रहे मयंक सिडाना के अलावा चयनकर्ता अभिषेक शर्मा और योगेश नागर, डीडीसीए क्रिकेट सलाहकार समिति के सदस्य रॉबिन सिंह जूनियर, मुख्य कोच राजू शर्मा और डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा उपस्थित रहे।

पहले दो मुकाबलों के लिए दिल्ली की 16 सदस्यीय टीम:-

पार्थ डबास (कप्तान), वेदांत मलिक, कबीर तलवार, शिवांश सिंह, आयुष्मान अधिकारी (विकेटकीपर), युविश सिंह (विकेटकीपर), वेदांत गुप्ता, ईशान गुप्ता, गौतम यादव, अर्णव शर्मा, आर्य सिंह, दर्श अग्रवाल, प्रणय शर्मा, आरुष यादव, नैतिक सिंह और सक्षम यादव।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags