टेस्ट शतक लगाने वाले जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बने क्रेग इर्विन

09 Nov 2026 17:14:53
क्रेग इर्विन


- 41 साल 82 दिन की उम्र में अफगानिस्तान के खिलाफ जड़ा पांचवां टेस्ट शतक, ब्रेंडन टेलर का रिकॉर्ड तोड़ा

शारजाह, 09 नवंबर (हि.स.)। जिम्बाब्वे के बल्लेबाज क्रेग इर्विन ने अफगानिस्तान के खिलाफ जारी पहले टेस्ट मैच में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 41 साल और 82 दिन की उम्र में टेस्ट शतक लगाकर जिम्बाब्वे की ओर से यह कारनामा करने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया।

इर्विन ने सोमवार को मैच की दूसरी पारी में अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने ब्रेंडन टेलर का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने इसी टेस्ट की पहली पारी में 131 रन बनाकर जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज टेस्ट शतकवीर बनने का रिकॉर्ड बनाया था।

इस सदी में टेस्ट शतक लगाने वाले इर्विन दुनिया के दूसरे सबसे उम्रदराज बल्लेबाज हैं। उनसे आगे पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक हैं, जिन्होंने 2016 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 42 साल और 47 दिन की उम्र में 114 रन की पारी खेली थी। इर्विन ने इसी मुकाबले के दौरान टेस्ट क्रिकेट में अपने 2,000 रन भी पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले जिम्बाब्वे के सातवें बल्लेबाज बन गए हैं।

जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच जारी यह मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। पांचवें दिन चाय के विश्राम तक जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 372 रन बना लिए थे। मैच में अब केवल एक सत्र का खेल शेष था और जिम्बाब्वे की एक पारी बाकी थी, ऐसे में मुकाबले का परिणाम निकलना मुश्किल नजर आ रहा था।

जिम्बाब्वे ने पहली पारी में ब्रेंडन टेलर के 131 और कप्तान ब्रायन बेनेट के 128 रन की शतकीय पारियों की बदौलत 504 रन बनाए थे। वेस्ली मधेवेरे ने भी अर्धशतक लगाया था। जवाब में अफगानिस्तान ने 514 रन बनाकर 10 रन की बढ़त हासिल की। उसकी ओर से सिदिकुल्लाह अटल ने 105, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 113 और कप्तान रहमत शाह ने 173 रन की शतकीय पारियां खेलीं।

दूसरी पारी में भी जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। टेलर ने 82 और बेनेट ने 58 रन बनाए, जबकि इर्विन ने शतक जड़ा। एंटम नक्वी ने भी 62 रन का योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0