
मुंबई, 09 नवंबर (हि.स.)। किआ टेनिस प्रीमियर लीग (टीपीएल) ने भारतीय टेनिस की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी ‘रेस टू गोल्ड’ (आरटीजी) पहल के तहत 36 जूनियर खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति देने की घोषणा की है। छह क्षेत्रों से चुने गए इन खिलाड़ियों को 75-75 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। इसके अलावा अंडर-14 वर्ग के एक लड़के और एक लड़की को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2027 देखने के लिए मेलबर्न जाने का अवसर मिलेगा।
टीपीएल ने सोमवार को 2026 रेस टू गोल्ड मास्टर्स प्रतियोगिता की तारीखों की घोषणा की। महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और उत्तर क्षेत्र से 36 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को इस पहल के तहत चुना जाएगा। पहली बार किआ इंडिया इस पहल से जुड़ा है और भारतीय टेनिस को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहा है।
रेस टू गोल्ड मास्टर्स प्रतियोगिता नवंबर में तीन सप्ताहांत के दौरान आयोजित होगी। इसमें अंडर-10, अंडर-12 और अंडर-14 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां हिस्सा लेंगे।
तीन चरणों में होंगे मुकाबले
* किआ टीपीएल नॉर्थ जोन मास्टर्स: 14-15 नवंबर, दिल्ली लॉन टेनिस एसोसिएशन (डीएलटीए), दिल्ली।
* किआ टीपीएल गुजरात मास्टर्स: 21-22 नवंबर, एसआरटी10 अल्टेवोल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, अहमदाबाद।
* किआ टीपीएल महाराष्ट्र मास्टर्स: 28-29 नवंबर, गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब, मुंबई।
छात्रवृत्ति के तहत खिलाड़ियों को टेनिस उपकरण, उनकी जरूरत के अनुसार विशेष परिधान, पेशेवर मार्गदर्शन और भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ियों लिएंडर पेस तथा रोहन बोपन्ना के साथ-साथ शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से जुड़ने के अवसर भी दिए जाएंगे।
36 छात्रवृत्ति विजेताओं को इस दिसंबर हैदराबाद में आयोजित होने वाले किआ टेनिस प्रीमियर लीग के आठवें सत्र के दौरान सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह जियोहॉटस्टार पर होने वाले सीधे प्रसारण का भी हिस्सा होगा। टीपीएल के अनुसार, रेस टू गोल्ड छात्रवृत्ति कार्यक्रम की शुरुआत से अब तक 80 युवा खिलाड़ियों को इसका लाभ मिल चुका है।
इस पहल के अलावा टीपीएल और उससे जुड़ी टीमों ने आठ अलग-अलग राज्यों में आठ निःशुल्क टेनिस शिविर भी आयोजित किए। इन शिविरों में बच्चों और उनके अभिभावकों को पोषण, फिटनेस और मानसिक प्रशिक्षण के महत्व की जानकारी दी गई, ताकि देश में टेनिस की अगली पीढ़ी को बेहतर आधार मिल सके।
ऑस्ट्रेलियन ओपन जाने का मिलेगा मौका
रेस टू गोल्ड कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए किआ इंडिया और टीपीएल ने ‘किआ टीपीएल रोड टू द ऑस्ट्रेलियन ओपन 2027’ पहल भी शुरू की है।
इसके तहत छह क्षेत्रों से छात्रवृत्ति हासिल करने वाले अंडर-14 वर्ग के छह लड़के और छह लड़कियां 29 नवंबर को मुंबई में होने वाली अंतिम राउंड रॉबिन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एक लड़के और एक लड़की को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2027 के लिए मेलबर्न जाने का अवसर मिलेगा।
दोनों खिलाड़ियों के साथ उनके एक-एक अभिभावक का यात्रा और अन्य खर्च किआ इंडिया वहन करेगा। इस तरह युवा खिलाड़ियों को दुनिया के सबसे बड़े टेनिस टूर्नामेंटों में शामिल एक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता को करीब से देखने और अंतरराष्ट्रीय टेनिस का अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।
टीपीएल ऐप के माध्यम से संचालित रेस टू गोल्ड पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर टेनिस को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को इस खेल में आगे बढ़ने के लिए जरूरी संसाधन तथा अवसर उपलब्ध कराना है।
युवा प्रतिभाओं को बड़े सपने देखने का अवसर : कुनाल ठक्कर
टेनिस प्रीमियर लीग के सह-संस्थापक कुनाल ठक्कर ने कहा, रेस टू गोल्ड भारत में जमीनी स्तर पर टेनिस के मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के हमारे दृष्टिकोण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 36 छात्रवृत्तियों और ऑस्ट्रेलियन ओपन तक पहुंचने के अवसर के माध्यम से हम युवा प्रतिभाओं को बड़े सपने देखने का मौका दे रहे हैं। हमें खुशी है कि किआ इंडिया इस सोच का समर्थन कर रहा है और इसे आगे बढ़ाने में हमारी मदद कर रहा है।
टीपीएल के सह-संस्थापक मृणाल जैन ने कहा, हमारा ध्यान खिलाड़ियों को कोर्ट के बाहर भी सहयोग देने पर है। रेस टू गोल्ड छात्रवृत्ति और ऑस्ट्रेलियन ओपन जाने का अवसर महत्वाकांक्षी खिलाड़ियों को अपने खेल को अगले स्तर तक ले जाने के लिए जरूरी संसाधन, अनुभव और प्रेरणा प्रदान करेगा। किआ इंडिया का सहयोग हमें जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभाव पैदा करने में मदद करेगा।
युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने की पहल : अतुल सूद
किआ इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) अतुल सूद ने कहा, किआ में हमारा विश्वास ऐसे अवसर तैयार करने में है, जो प्रतिभाशाली युवाओं को प्रेरित करें। टीपीएल के साथ हमारा जुड़ाव इसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रेस टू गोल्ड युवा खिलाड़ियों को अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में मदद कर रहा है। रोड टू द ऑस्ट्रेलियन ओपन 2027 इस पहल को एक कदम और आगे ले जाता है। इसके माध्यम से दो होनहार खिलाड़ियों को दुनिया के प्रमुख टेनिस टूर्नामेंटों में से एक का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। हमें इस यात्रा का हिस्सा बनकर बेहद खुशी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे