सरहद पर तैनात जवानों ने साथियों संग मनाई दिवाली, घर से दूर जवानों में दिखा उत्साह

युगवार्ता    09-Nov-2026
Total Views |
दीप जलाते हुए जवान


चंडीगढ़, 09 नवंबर (हि.स.)। देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया, तो देश की सीमाओं और दुर्गम इलाकों में तैनात भारतीय सेना तथा सुरक्षा बलों के जवानों ने भी अपने साथियों के साथ मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। घरों से सैकड़ों किलोमीटर दूर होने के बावजूद जवानों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा कर अपने परिवारों और देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सेना के कई जवान बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहनकर दिवाली की बधाई देते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में एक सिख जवान अपने साथियों की तालियों और उत्साह के बीच सुरीले अंदाज में गीत गाता दिखाई देता है। गीत के माध्यम से वह व्यंग्यात्मक अंदाज में अपनी भावनाएं व्यक्त करता है कि वह दिवाली पर घर नहीं जा सका और न ही अपनी बहन की शादी में शामिल हो पाया, क्योंकि उसे सीमा पर ड्यूटी निभानी है। वह कहता है कि दिनभर कानों में गोलियों की आवाजें गूंजती रहती हैं, ऐसे में उन्हें लगता है कि मानो उनके लिए हर दिन दिवाली ही हो।

एक अन्य वीडियो में पूर्वोत्तर भारत से संबंध रखने वाला एक जवान देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहता है कि भले ही वह अपने घर से दूर है, लेकिन अपनी बटालियन के साथियों के बीच त्योहार मनाकर बेहद खुश है। उसके लिए बटालियन ही दूसरे परिवार की तरह है। उसने बताया कि सभी जवान पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं और हर त्योहार मिलकर मनाते हैं। एक अन्य वीडियो में अग्रिम मोर्चे पर तैनात जवान प्रार्थना करते और पटाखे चलाकर दिवाली मनाते दिखाई दिए।

दरअसल, हर साल सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के हजारों जवान अपनी ड्यूटी के कारण त्योहारों और परिवार के महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल नहीं हो पाते। इनमें से कई जवान दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में तैनात रहते हैं, जहां परिवारों को साथ रखने की अनुमति नहीं होती। इसके अलावा आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारियां निभाने वाले जवान भी त्योहारों पर अपने कार्यस्थलों पर ही डटे रहते हैं।

घर से दूर रहने के बावजूद जवान अपने पोस्ट और बंकरों में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार त्योहार मनाते हैं। वे सामूहिक प्रार्थना करते हैं, दीप और मोमबत्तियां जलाते हैं तथा विशेष पकवान बनाकर खुशियां साझा करते हैं। सेना की विभिन्न इकाइयों में बड़े स्तर पर भी दिवाली समारोह आयोजित किए जाते हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Tags