
नई दिल्ली, 01 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे 'विकसित भारत 2047' की नींव बताया। रविवार को आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने प्रेसवार्ता में कहा कि इस बजट में आयुष क्षेत्र के विकास के लिए कई सारी घोषणाएं हैं। पिछली बार की तुलना में आयुष को दस फीसदी अधिक बजट मिला है।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में 2026-27 का बजट पेश किया। इस बजट में आयुष क्षेत्र के माध्यम से हमारे आयुष मंत्रालय को इस वर्ष लगभग 4,500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। बजट में बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और अनुसंधान को मजबूत करने जैसी कई महत्वपूर्ण पहलों की भी घोषणा की गई है।
टूरिज्म वैल्यू सेंटर खोलने की घोषणा का स्वागत करते हुए प्रताप राव जाधव ने कहा कि इस तरह केन्द्र से स्वास्थ्य के क्षेत्र में टूरिज्म बढ़ेगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बुजुर्ग लोगों की देखभाल के लिए डेढ़ लाख लोगों को विशेष ट्रेनिंग की घोषणा अच्छी है इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस बजट में आयुष क्षेत्र के लिए तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने, औषधीय परीक्षण प्रयोगशालाओं को अपग्रेड करने और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं (आयुषएक्सिल के साथ समझौता) को मजबूत करने की महत्वपूर्ण घोषणाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस बजट में आयुष फार्मेसी और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं को आधुनिक बनाने का प्रावधान किया गया है। इससे आयुष की दवाइयों पर शोध कार्य और उनकी प्रामाणिकता पर तेजी से काम होगा और आम आदमी तक आयुष दवाइयों की पहुंच होगी। उन्होंने कहा कि बजट में जामनगर स्थित विश्व स्वास्थ्य संगठन वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है। जाधव ने आयुष क्षेत्र के लिए 200 बिलियन डॉलर के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पारंपरिक चिकित्सा की प्रामाणिकता और गुणवत्ता पर जोर दिया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी