
नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज बजट प्रस्तावों ने कोहराम मचा दिया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जैसे ही स्टॉक मार्केट में फ्यूचर एंड ऑप्शन ट्रेडिंग में सिक्योरिटी ट्रांजेक्शन टैक्स (एसटीटी) बढ़ाने का ऐलान किया, वैसे ही शेयर बाजार में भूचाल आ गया। दूसरी ओर, बायबैक पर कैपिटल गेन के तौर पर टैक्स लगाने के बजटीय प्रस्ताव ने आईटी सेक्टर को मजबूती दिला दी।
केंद्रीय बजट में पेश किए गए प्रस्तावों के अनुसार फ्यूचर ट्रेडिंग पर सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स को 0.02 प्रतिशत से बढ़ा कर 0.05 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह ऑप्शंस के लिए सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स को 0.10 प्रतिशत से बढ़ा कर 0.15 प्रतिशत कर दिया गया है। हालांकि आज के पहले तक शेयर बाजार सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स में कटौती की उम्मीद कर रहा था। बाजार में लंबे समय से सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स में कटौती करने की मांग की जा रही थी, लेकिन कटौती के जगह बढ़ोतरी हो जाने से बाजार को करारा झटका लगा और निवेशक का सेंटीमेंट कमजोर हो गया।
शेयर बाजार में बने निगेटिव सेंटीमेंट के कारण एक समय सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 29 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में पहुंच गए थे। हालांकि बाद में कुछ सुधार हुआ, जिससे इन 30 शेयरों में से 26 शेयर लाल निशान में ही बंद हुए, जबकि चार शेयर मजबूती के साथ हरे निशान में पहुंचने में सफल रहे। इसी तरह निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 45 शेयर लाल निशान में पहुंच गए थे। बाद में बाजार में मामूली सुधार होने की वजह से निफ्टी के 50 शेयरों में से सात शेयर हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। इसी तरह सेंसेक्स इंट्रा-डे में ऊपरी स्तर से 2,873.23 अंक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी ने ऊपरी स्तर से 869.15 अंक का गोता लगाया।
बाजार में मचे कोहराम के कारण आईटी और टेक सेक्टर को छोड़ कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट का शिकार हो गए। बिकवाली की आंधी में पीएसयू बैंक इंडेक्स में 4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह मेटल इंडेक्स 3.85 प्रतिशत टूट गया। पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स 3.18 प्रतिशत, कैपिटल गुड्स इंडेक्स 3.02 प्रतिशत, ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2.77 प्रतिशत, एफएमसीजी इंडेक्स 2.57 प्रतिशत और ऑटो इंडेक्स 2.09 प्रतिशत की गिरावट का शिकार होकर बंद हुए।
दूसरी ओर, केंद्रीय बजट में शेयर बायबैक के टैक्सेशन में बदलाव के प्रस्ताव की वजह से आईटी सेक्टर में तेज रिकवरी दर्ज की गई। बजट में इस प्रस्ताव के आते ही आईटी इंडेक्स दिन के निचले स्तर से 4 प्रतिशत तक ऊपर चढ़ गया। विप्रो के शेयर तीन प्रतिशत तक चढ़ने के बाद 2.07 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए। इसी तरह टीसीएस के शेयर भी 2.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। इस इंडेक्स में शामिल 10 शेयरों में से 8 शेयर मजबूती के साथ बंद हुए, वहीं दो शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक