आयरलैंड ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए किया क्वालीफाई

01 Feb 2026 14:33:55
आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम


कीर्तिपुर (नेपाल), 01 फरवरी (हि.स.)। आयरलैंड महिला टीम ने रविवार को थाईलैंड को 62 रन से हराकर आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इसके साथ ही आयरलैंड 2026 ग्लोबल क्वालिफायर्स के जरिए टूर्नामेंट में जगह बनाने वाली तीसरी टीम बन गई। यह क्वालिफायर्स नेपाल के कीर्तिपुर में खेले जा रहे हैं।

आयरिश टीम ने सुपर सिक्स चरण में पांच में से तीन मुकाबले जीतकर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए टिकट हासिल किया। इससे पहले नीदरलैंड्स और बांग्लादेश भी ग्लोबल क्वालिफायर्स के जरिए वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। आयरलैंड ने आखिरी बार 2023 में महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था।

मैच की बात करें तो आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए थाईलैंड के सामने 122 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम सिर्फ 59 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में आयरलैंड की ओर से आर्लीन केली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके, जबकि लारा मैकब्राइड ने तीन विकेट लेकर जीत को आसान बना दिया।

लीग स्टेज में ग्रुप-ए में शामिल आयरलैंड ने चार में से तीन मैच जीते। उसने पापुआ न्यू गिनी, अमेरिका और नामीबिया को हराया, जबकि उसे केवल ग्रुप टॉपर बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

सुपर सिक्स चरण में आयरलैंड को स्कॉटलैंड और बांग्लादेश से हार मिली, लेकिन टीम ने अमेरिका, नीदरलैंड्स और थाईलैंड के खिलाफ जीत दर्ज कर वर्ल्ड कप का टिकट पक्का किया।

नीदरलैंड्स, बांग्लादेश और आयरलैंड के क्वालिफाई करने के साथ अब कुल 11 टीमें महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, पाकिस्तान और श्रीलंका ने मेजबान या रैंकिंग के आधार पर स्वतः क्वालिफिकेशन हासिल किया है।

अब केवल एक स्थान शेष है, जिसके लिए अमेरिका और स्कॉटलैंड के बीच चल रहे मुकाबले की विजेता टीम को अंतिम टिकट मिलेगा। आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0