बजट में एसटीटी बढ़ने से शेयर बाजार क्रैश, बाजार की कमजोरी से निवेशकों के 9.90 लाख करोड़ स्वाहा

युगवार्ता    01-Feb-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


-सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 2,800 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी में भी इंट्रा-डे में 869 अंक की गिरावट

नई दिल्ली, 01 फरवरी (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज बजट पेश होने के तुरंत बाद क्रैश होकर सात साल की सबसे बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। आज केंद्रीय बजट पेश होने के पहले तक बाजार में 0.50 प्रतिशत तक की तेजी आ चुकी थी। इसके बाद जैसे ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण शुरू किया, वैसे ही बाजार का मूड भी बदलने लगा। वित्त मंत्री द्वारा फ्यूचर एंड ऑप्शन ट्रेडिंग में सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (एसटीटी) बढ़ाने का प्रस्ताव रखने और सभी शेयर होल्डर्स के लिए बायबैक पर कैपिटल गैन के रूप में टैक्स लगाने का प्रस्ताव रखते ही स्टॉक मार्केट बुरी तरह से धराशायी हो गया।

बजट प्रस्तावों में शेयर बाजार से जुड़े प्रावधानों को पेश करते ही बाजार में घबराहट का माहौल बन गया, जिससे बीएसई का सेंसेक्स कुछ ही देर में ऊपरी स्तर से 2,800 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह निफ्टी ऊपरी स्तर से लगभग 870 अंक लुढ़क गया। इस बड़ी गिरावट के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर लगाया, जिससे बाजार की स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.88 प्रतिशत और निफ्टी 1.96 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान डिफेंस और कैपिटल मार्केट के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह मेटल, बैंकिंग, ऑयल एंड गैस, कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल, एफएमसीजी, हेल्थकेयर और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी और टेक सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी का रुख बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.80 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई जबरदस्त कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब दस लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 450.12 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 460.02 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 9.90 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,309 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,758 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,379 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 172 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,893 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 953 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,940 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 4 शेयर बढ़त के साथ और 26 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 7 शेयर हरे निशान में और 23 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 119.19 अंक की मजबूती के साथ 82,388.97 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये सूचकांक गिर कर लाल निशान में 82,119.31 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले 2 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 11:15 बजे सेंसेक्स 456.87 अंक की मजबूती के साथ 82,726.65 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी।

इसी दौरान जैसे ही वित्त मंत्री सीता निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में स्टॉक मार्केट से जुड़े प्रावधानों का ऐलान किया, वैसे ही बाजार में भगदड़ की स्थिति बन गई। सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 2,827.23 अंक टूट कर 2,370.36 अंक की कमजोरी के साथ 79,899.42 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके तुरंत देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 823.52 अंक की रिकवरी करके 1,546.84 अंक की कमजोरी के साथ 80,722.94 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 13.10 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,333.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही ये सूचकांक लाल निशान में 25,252.30 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की स्थिति में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 11 बजे के कुछ देर बाद निफ्टी 120.25 अंक की तेजी के साथ 25,440.90 अंक के स्तर तक पहुंच गया।

इसके बाद संसद में बजट प्रस्तावों के बीच जैसे ही शेयर बाजार से जुड़े प्रस्ताव पेश हुए, वैसे ही निफ्टी भी जबरदस्त गिरावट का शिकार हो गया। ये सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 869.15 अंक फिसल कर 748.90 अंक की गिरावट के साथ 24,571.75 अंक के स्तर तक लुढ़क गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर शेयर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार भी हुआ। दिन के दूसरे सत्र में हुई खरीदारी के कारण निफ्टी निचले स्तर से 253.70 अंक की रिकवरी कर 495.20 अंक की कमजोरी के साथ 24,825.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से मैक्स हेल्थकेयर 2.08 प्रतिशत, विप्रो 2.07 प्रतिशत, टीसीएस 2.02 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 0.93 प्रतिशत और इंफोसिस 0.82 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 5.65 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 5.47 प्रतिशत, ओएनजीसी 5.45 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 5.28 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 5.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags