शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद सुधरा शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी ने निचले स्तर से की रिकवरी

युगवार्ता    01-Feb-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। आम बजट पेश होने वाले दिन आज घरेलू शेयर बाजार शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट के बाद रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। हालांकि थोड़ी ही देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इन दोनों सूचकांकों की स्थिति में सुधार होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.07 प्रतिशत और निफ्टी 0.06 प्रतिशत की मजबूती कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से नेस्ले, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, अपोलो हॉस्पिटल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईटीसी के शेयर 3.46 प्रतिशत से लेकर 1.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, कोल इंडिया ओएनजीसी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 6 प्रतिशत से लेकर 2.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,899 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,661 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,238 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 17 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 119.19 अंक की मजबूती के साथ 82,388.97 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये सूचकांक गिर कर लाल निशान में 82,119.31 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स उछल कर 82,499.50 अंक के स्तर पर आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 55.59 अंक की तेजी के साथ 82,325.37 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 13.10 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,333.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही ये सूचकांक लाल निशान में 25,252.30 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की स्थिति में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही ये सूचकांक उछल कर हरे निशान में 25,346.85 अंक के स्तर तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 14.50 अंक की मामूली उछाल के साथ 25,335.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 296.59 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 82,269.78 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 98.25 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,320.65 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags