केंद्रीय बजट पर ममता की आलोचना के बीच राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने किया स्वागत, बताया- युवाओं और महिलाओं के लिए लाभकारी

युगवार्ता    01-Feb-2026
Total Views |
सी वी आनंद बोस: फाइल फोटो


कोलकाता, 01 फरवरी (हि.स.)। जहां एक ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्रीय बजट को लेकर लगातार केंद्र सरकार पर हमला बोल रही हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने इस बजट की सराहना की है।

राज्यपाल के अनुसार यह बजट देश के युवाओं और महिलाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और भारत के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दूरदर्शिता के साथ यह बजट पेश किया है, जिससे बंगाल के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

राज्यपाल बोस ने कहा कि बजट में फ्रेट कॉरिडोर और हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर जैसी घोषणाओं से औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस बजट में महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है। यह बजट महिलाओं और युवाओं के लिए है, जिसमें डिजिटल सेवाओं और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने पर भी खास ध्यान दिया गया है।

मुख्यमंत्री द्वारा यह कहे जाने पर कि बजट में बंगाल के लिए कुछ नहीं है, राज्यपाल ने कहा कि इस बजट में पश्चिम बंगाल के लिए कई संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बजट बढ़ाया गया है, जिससे राज्य में नए अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित होने की संभावना है। इसके अलावा उद्योग, एमएसएमई और कौशल विकास पर जोर से बंगाल के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

केंद्र और राज्य सरकार के बीच पिछले कुछ वर्षों से जारी मतभेदों के बीच राज्यपाल ने आपसी सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस बजट में केंद्र–राज्य सहयोग की भावना को रेखांकित किया गया है और अब यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बजट में किए गए वादों का वास्तविक लाभ बंगाल के हर नागरिक तक पहुंचे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

Tags