नीदरलैंड में इस्लामिक स्टेट प्रचार के आरोप में 15 गिरफ्तार, टिकटॉक अकाउंट से फैलाई जा रही थी सामग्री

10 Feb 2026 21:18:53

एम्स्टर्डम, 10 फरवरी (हि.स.)। नीदरलैंड में इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़ा प्रचार प्रसार करने और लोगों को आतंकी हमलों के लिए उकसाने के संदेह में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ़्तार किया है। डच अभियोजकों ने बताया कि कार्रवाई एक ऐसे टिकटॉक अकाउंट की जांच के बाद शुरू हुई, जो डच भाषा के सबटाइटल के साथ बड़ी मात्रा में आईएस से जुड़ा प्रचार साझा कर रहा था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस अकाउंट पर डाले गए कुछ वीडियो को एक लाख से अधिक बार देखा गया था। इन पोस्ट में लोगों को इस्लामिक स्टेट में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया और चरमपंथी विचारधारा को महिमामंडित किया गया।

अभियोजकों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए संदिग्धों में 13 सीरियाई मूल के हैं, जबकि चार के पास डच नागरिकता भी है, जिससे संकेत मिलता है कि कुछ दोहरी नागरिकता वाले हो सकते हैं। हिरासत में लिए गए लोगों में चार नाबालिग भी शामिल हैं। सभी संदिग्धों की उम्र 16 से 53 वर्ष के बीच बताई गई है।

देशभर में छापेमारी कर ये गिरफ्तारियां की गईं। यह कार्रवाई पिछले महीने पकड़े गए एक मुख्य संदिग्ध से मिली जानकारी के आधार पर आगे बढ़ी।

अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चरमपंथी प्रचार पर निगरानी और सख्त की जाएगी। टिकटॉक का स्वामित्व चीनी कंपनी बाइटडांस के पास है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0