
अहमदाबाद, 10 फ़रवरी (हि.स.)।
पश्चिम रेलवे के गांधीधाम क्षेत्र ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। विश्व में पहली बार भारतीय रेलवे ने स्टेनलेस स्टील कंटेनर के माध्यम से औद्योगिक नमक का सफलतापूर्वक परिवहन किया है। यह ऐतिहासिक लदान गांधीधाम के नीलकंठ ज़ोन से किया गया।
अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने बताया कि यह नवाचार भारतीय रेलवे की आधुनिक और नवाचार-आधारित लॉजिस्टिक्स रणनीति का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्टेनलेस स्टील कंटेनर में औद्योगिक नमक का यह सफल परीक्षण संवेदनशील थोक माल के सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च दक्षता वाले परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
डीआरएम ने कहा कि इस पहल से उद्योगों को तेज़, भरोसेमंद और पर्यावरण-अनुकूल फ्रेट समाधान उपलब्ध होंगे। पश्चिम रेलवे ‘फ्रेट ऑन रेल’ को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस तरह की अभिनव पहलों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।
इस परीक्षण के दौरान 33 टन औद्योगिक नमक की लोडिंग मात्र 15 मिनट में पूरी की गई, जबकि अनलोडिंग केवल 4 मिनट में संपन्न हुई। यह उपलब्धि रेलवे फ्रेट लॉजिस्टिक्स में त्वरित टर्नअराउंड समय और उच्च परिचालन दक्षता को दर्शाती है।
परीक्षण में 20 फीट लंबे, 8.5 फीट ऊंचे और 8.5 फीट चौड़े स्टेनलेस स्टील कंटेनर का उपयोग किया गया। लोडिंग कार्य कांडला विशेष आर्थिक क्षेत्र के समीप स्थित वे-ब्रिज पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
स्टेनलेस स्टील कंटेनर के उपयोग से औद्योगिक नमक जैसे थोक माल के परिवहन में सुरक्षित एवं क्षरण-रहित परिवहन, तेज़ लोडिंग-अनलोडिंग, स्वच्छ हैंडलिंग और कम टर्नअराउंड समय जैसे कई लाभ सुनिश्चित हुए हैं।
पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप माल सेवाओं का विकास करते हुए क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को समर्थन देने के प्रयास जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार