टी20 विश्व कप: हसरंगा और ब्रैसवेल बाहर, श्रीलंका-न्यूजीलैंड ने की रिप्लेसमेंट की घोषणा

10 Feb 2026 23:23:53

नई दिल्ली, 10 फरवरी (हि.स.)। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के बीच श्रीलंका और न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। दोनों टीमों के प्रमुख ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा और माइकल ब्रैसवेल चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह क्रमशः दुशान (देशान) हेमंथा और कोल मैककॉन्ची को टीम में शामिल किया गया है।

श्रीलंका के हसरंगा को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। उस मैच में उन्होंने तीन विकेट लेकर असरदार प्रदर्शन किया था, लेकिन बाद में दर्द बढ़ गया। जांच में बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में गंभीर खिंचाव की पुष्टि हुई। विशेषज्ञों की राय के बाद श्रीलंका क्रिकेट ने उन्हें शेष टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया। रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें उबरने में कई हफ्ते लग सकते हैं।

आईसीसी की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने हसरंगा के विकल्प के तौर पर दुशान हेमंथा के नाम को मंजूरी दी है। हेमंथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमित ओवरों में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और लेग-स्पिन के साथ उपयोगी बल्लेबाजी भी करते हैं।

उधर न्यूजीलैंड के माइकल ब्रैसवेल को पिंडली (काफ) की चोट ने बाहर कर दिया। अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से पहले अभ्यास के दौरान उनकी पुरानी चोट उभर आई। स्कैन में मांसपेशी में समस्या सामने आई, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम की सलाह दी। उनकी रिकवरी में भी कुछ सप्ताह लगने का अनुमान है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर कोल मैककॉन्ची को टीम से जोड़ने का फैसला किया है। वे ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में तेज गेंदबाज बेन सियर्स के साथ टीम से जुड़ेंगे।

टूर्नामेंट के अहम चरण में दो अनुभवी ऑलराउंडरों के बाहर होने से दोनों टीमों को संयोजन में बदलाव करना पड़ेगा। अब निगाहें इस पर होंगी कि नए खिलाड़ी इस बड़े मंच पर कैसा योगदान देते हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0