
कोइम्ब्रा (पुर्तगाल), 11 फरवरी (हि.स.)। तूफानों की मार झेल रहे पुर्तगाल में बुधवार को फिर तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। देश के उत्तरी हिस्सों के कई ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मध्यकालीन शहर कोइम्ब्रा के आसपास तटबंधों के टूटने का खतरा बढ़ने पर प्रशासन ने एहतियातन करीब 3,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार जनवरी के अंत से लगातार आए कई घातक तूफानों ने देश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों को खासा प्रभावित किया है। इन आपदाओं में अब तक कम से कम 15 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें कुछ अप्रत्यक्ष मौतें भी शामिल हैं। कई कस्बों में बाढ़ आई, घरों की छतें उड़ीं और लाखों लोग दिनों तक बिजली संकट से जूझते रहे।
इस सप्ताह जब तूफानों की तीव्रता कुछ कम हुई, तभी “एटमॉस्फेरिक रिवर” नामक मौसमीय घटना ने नई बारिश ला दी। यह वातावरण में नमी की एक लंबी पट्टी होती है, जो उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों से भारी मात्रा में जलवाष्प लेकर आती है। इसका असर विशेष रूप से उत्तरी पुर्तगाल में ज्यादा देखा गया।
कोइम्ब्रा नगर प्रशासन ने मोंडेगो नदी का जलस्तर बढ़ने और उसके किनारे टूटने की आशंका के चलते मंगलवार देर रात संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालना शुरू किया। पुलिस घर-घर जाकर लोगों को सचेत कर रही है और बसों के जरिए राहत शिविरों तक पहुंचाया जा रहा है।
क्षेत्रीय सिविल प्रोटेक्शन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर बारिश जारी रही तो कोइम्ब्रा से लगभग 35 किलोमीटर दूर अगुएइरा बांध का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है, जिससे नए इलाकों में बाढ़ आ सकती है।
बारिश और भूस्खलन से कोइम्ब्रा की प्राचीन शहर दीवार का एक हिस्सा ढह गया, जिसके कारण नीचे की सड़क बंद करनी पड़ी और नगर बाजार को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया।
प्रधानमंत्री लुईस मोंटेनेग्रो हालात की समीक्षा के लिए कोइम्ब्रा पहुंचने वाले हैं। इससे पहले आंतरिक मंत्री मारिया लूसिया अमाराल ने हालिया तूफान से निपटने में प्रशासन की धीमी प्रतिक्रिया को लेकर आलोचना के बीच इस्तीफा दे दिया।
लिस्बन के पास टैगस नदी के पार स्थित पोर्तो ब्रांडाओ गांव में भी भूस्खलन के खतरे के चलते लोगों को निकाला गया, जबकि कापारिका क्षेत्र में भूस्खलन के बाद करीब 30 लोगों को घर छोड़ना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय