उतार चढ़ाव के बीच सपाट स्तर पर बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 41 हजार करोड़ का मुनाफा

युगवार्ता    11-Feb-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 11 फ़रवरी (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद सपाट स्तर पर मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, पीएसयू बैंक और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, हेल्थकेयर, मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में तेजी बनी रही। दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, टेक, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। बाजार में लगातार जारी उतार-चढ़ाव के कारण मिडकैप पर स्मॉलकैप इंडेक्स भी सपाट स्तर पर बंद हुए।

आज शेयर बाजार में सपाट कारोबार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 40 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 474.89 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 474.48 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 41 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,383 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,971 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,251 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 161 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,909 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,307 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,602 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर बढ़त के साथ और 16 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 28 शेयर हरे निशान में और 22 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 65.23 अंक की मजबूती के साथ 84,339.15 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही यह सूचकांक 213.42 अंक की मजबूती के साथ 84,487.34 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। बिकवाली के दबाव के कारण दोपहर 12 बजे के बाद यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 400 अंक से ज्यादा लुढ़क कर 192.67 अंक की कमजोरी के साथ 84,081.25 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिसके कारण सेंसेक्स निचले स्तर से 150 अंक से अधिक की रिकवरी कर 40.28 अंक की मामूली गिरावट के साथ 84,233.64 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 62.30 अंक उछल कर 25,997.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण थोड़ी ही देर में यह सूचकांक 74.25 अंक की तेजी के साथ 26,009.40 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके तुरंत बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण निफ्टी ने अपनी सारी बढ़त गंवा दी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर एक बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 110 अंक से ज्यादा टूट कर 35.35 अंक की गिरावट के साथ 25,899.80 अंक तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी निचले स्तर से 50 अंक से अधिक की रिकवरी कर 18.70 अंक की बढ़त के साथ 25,953.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से आयशर मोटर 6.51 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 3.99 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 3.39 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 3.29 प्रतिशत और मारुति सुजुकी 1.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीसीएस 2.51 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.79 प्रतिशत, इंफोसिस 1.73 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.37 प्रतिशत और एटरनल 1.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags