ब्राजील के राष्ट्रपति 5 दिवसीय यात्रा पर भारत आएंगे, 21 फरवरी को होगी द्विपक्षीय वार्ता

युगवार्ता    12-Feb-2026
Total Views |
ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ प्रधानमंत्री (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 12 फ़रवरी (हि.स.)। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला द सिल्वा 18 से 22 फरवरी तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। वे एआई शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। सम्मेलन में फ्रांस के राष्ट्रपति भी शिरकत कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा 18 से 22 फरवरी तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। राष्ट्रपति लूला दिल्ली में 19 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले दूसरे एआई शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

प्रवक्ता ने कहा कि अपनी राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति लूला प्रधानमंत्री मोदी के साथ 21 फरवरी को द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। 21 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति लूला की मेजबानी करेंगी और इस दौरान भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उनसे मुलाकात करेंगे।

वार्ता के दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा अतिथि के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन किया जाएगा। दोनों नेता बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग, सुधारित बहुपक्षवाद, वैश्विक शासन और वैश्विक दक्षिण से संबंधित मुद्दों सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। राष्ट्रपति लूला के साथ उनकी सरकार के मंत्री और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है। प्रतिनिधिमंडल से जुड़े भी कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

राष्ट्रपति लूला का दौरा दोनों पक्षों को बाइलेटरल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और मज़बूत करने और आपसी हितों के मुद्दों पर बाइलेटरल, रीजनल और ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर सहयोग को और गहरा करने के लिए एक आगे का एजेंडा बनाने का मौका देगा।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति लूला की राजकीय यात्रा दोनों पक्षों को द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मंचों पर पारस्परिक हित के मुद्दों पर सहयोग को और गहरा करने के लिए एक दूरदर्शी एजेंडा तैयार करने का अवसर प्रदान करेगी।

राष्ट्रपति लूला की राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी राष्ट्रपति लूला से मुलाकात करेंगे।

ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ लगभग 14 मंत्रियों और ब्राजील की कंपनियों के शीर्ष सीईओ का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल आने की उम्मीद है। साथ आए मंत्री अपने भारतीय समकक्षों से मुलाकात करेंगे। ब्राजील के राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान आयोजित होने वाले बिजनेस फोरम में सीईओ के भाग लेने की उम्मीद है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि आगामी यात्रा राष्ट्रपति लूला की भारत की छठी यात्रा होगी। उन्होंने पहली बार 2004 में गणतंत्र दिवस समारोह के विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत का दौरा किया था और अंतिम बार सितंबर 2023 में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए थे। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला इस बीच लगातार मिलते रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी 7-8 जुलाई 2025 को ब्रासीलिया की राजकीय यात्रा पर थे। यह पिछले 57 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली राजकीय यात्रा थी। दोनों नेता नवंबर 2025 में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान जोहान्सबर्ग में भी मिले थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags