मप्र के शूटर ऐश्वर्य प्रताप ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में नए वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण पदक

युगवार्ता    12-Feb-2026
Total Views |
एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में पुरस्कार वितरण


भोपाल, 12 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज़ ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने नई दिल्ली में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप (राइफल एवं पिस्टल स्पर्धा) में गुरुवार को 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतकर दोहरा स्वर्ण प्राप्त किया।

नई दिल्ली में 02 फरवरी से शुरू हुई एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 13 फरवरी तक चलेगी। इस प्रतिष्ठित एशियाई प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के शीर्ष खिलाड़ी सहभागिता कर रहे हैं। इस दौरान कड़े प्रतिस्पर्धात्मक माहौल के बीच मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने अनुशासन, तकनीकी दक्षता एवं उत्कृष्ट एकाग्रता का परिचय देते हुए कुल 6 पदक अर्जित किए हैं।

ऐश्वर्य प्रताप सिंह का विश्वस्तरीय प्रदर्शनमप्र के शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी सटीक निशानेबाजी, मानसिक दृढ़ता और अनुभव ने उन्हें प्रतियोगिता में सबसे आगे रखा। फाइनल मुकाबले में उनके द्वारा बनाया गया वर्ल्ड रिकॉर्ड भारतीय शूटिंग इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। इसके अतिरिक्त उन्होंने टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतकर अकादमी को गौरव दिलाया।

अन्य खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शनमध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के अन्य खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में यश पांडेय ने स्वर्ण पदक अर्जित किया, वहीं 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन सीनियर महिला टीम स्पर्धा में आशी चौकसे ने रजत पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त 50 मीटर राइफल प्रोन पोजिशन जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में हेमंत बर्मन ने रजत पदक जीतकर अकादमी को गौरवान्वित किया। इन सभी खिलाड़ियों के सम्मिलित प्रयासों से अकादमी ने प्रतियोगिता में कुल 03 स्वर्ण एवं 03 रजत सहित 06 पदक अपने नाम किए।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाईमप्र के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने ऐश्वर्य प्रताप और अन्य खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। मंत्री सारंग ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी प्रदेश के सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनके समर्पण, कड़ी मेहनत एवं अनुशासित प्रशिक्षण का प्रतिफल है तथा यह प्रदेश के खेल विकास के लिए प्रेरणादायक है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, खेल विज्ञान आधारित अभ्यास पद्धति एवं अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। इसी सुनियोजित प्रशिक्षण का परिणाम है कि अकादमी के खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags