


- पूजा-अर्चना कर की क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
ग्वालियर, 12 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं संचार और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार की रात ग्वालियर जिले के प्रवास के दौरान डबरा के नवग्रह शक्तिपीठ में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्मित मंदिर में देवी-देवताओं के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मंदिर की भव्यता और वास्तुकला की तारीफ
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर की सुंदर वास्तुकला की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जिस श्रद्धा और समर्पण के साथ इस दिव्य मंदिर का निर्माण हुआ है, वह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह नवग्रह शक्तिपीठ आने वाले समय में आस्था और धार्मिक चेतना का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा से की मुलाकात
समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। सिंधिया ने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। मंदिर परिसर की साज-सज्जा और आयोजन की भव्यता को देखकर उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों को भी सराहा।
सिंधिया के आगमन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां मौजूद रहे। पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्तिमय गीतों से गूंज उठा। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने विश्वास जताया कि यह शक्तिपीठ सनातन संस्कृति को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।
ऊर्जा मंत्री तोमर के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल हुए
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार की रात ग्वालियर में प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के सुपुत्र रिपुदमन सिंह तोमर (सागर) के विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित वर–वधू को स्नेहिल आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने भगवान श्री लक्ष्मी नारायण जी से प्रार्थना है कि नवदंपति का दांपत्य जीवन प्रेम, सम्मान, सामंजस्य और सुख-समृद्धि से परिपूर्ण रहे तथा वे जीवन पथ पर सदैव सफलता और आनंद प्राप्त करें।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर