आईटी सेक्टर की आंधी में उड़ा शेयर बाजार, गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

युगवार्ता    12-Feb-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


- बाजार की कमजोरी से निवेशकों के 2.69 लाख करोड़ रुपये डूबे

नई दिल्ली, 12 फ़रवरी (हि.स.)। कमजोर ग्लोबल संकेतों और आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई जबरदस्त बिकवाली के कारण घरेलू शेयर बाजार आज गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद दिन के पहले सत्र में खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि बाजार की स्थिति में सुधार नहीं हो सका। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.66 प्रतिशत और निफ्टी 0.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर जबरदस्त बिकवाली का शिकार हो गया। आईटी कंपनी के शेयरों में आई जोरदार गिरावट के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 5.51 प्रतिशत टूट कर बंद हुआ। आईटी सेक्टर में 23 मार्च 2020 के बाद 6 साल की सबसे बड़ी इंट्रा-डे गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह ऑयल एंड गैस, मीडिया और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में भी लगातार बिकवाली होती रही। इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी, हेल्थ केयर, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी कमजोरी के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, कंज्यूमर ड्यूरेबल और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी होती रही। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.47 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 472.30 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 474.99 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.69 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,368 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,680 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,527 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 161 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,911 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,002 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,909 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर बढ़त के साथ और 17 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 265.21 अंक की कमजोरी के साथ 83,968.43 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से कुछ ही देर में यह सूचकांक उछल कर 84,061.62 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई‌। लगातार हो रही बिकवाली के कारण शाम 3 बजे के थोड़ी देर पहले सेंसेक्स 716.97 अंक टूटकर 83,516.67 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स निचले स्तर से 150 अंक से अधिक रिकवर कर 558.72 अंक की कमजोरी के साथ 83,674.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 47.15 अंक फिसल कर 25,906.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के तुरंत बाद बिकवाली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पूरे दिन बाजार पर बिकवालों का ही कब्जा बना रहा। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक शाम 3 बजे के करीब 201.45 अंक लुढ़क कर 25,742.40 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से लगभग 55 अंक की रिकवरी कर 146.65 अंक की कमजोरी के साथ 25,807.20 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज फाइनेंस 3.11 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.46 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 2.21 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.70 प्रतिशत और ट्रेंट लिमिटेड 1.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा 5.98 प्रतिशत, इंफोसिस 5.84 प्रतिशत, टीसीएस 5.49 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 4.87 प्रतिशत और विप्रो 4.67 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags