शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

12 Feb 2026 11:21:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 12 फरवरी (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और कमजोरी आ गई। हालांकि पहले 15 मिनट के कारोबार के बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण बाजार की स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.29 प्रतिशत और निफ्टी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज शुरुआती पहले घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील और ओएनजीसी के शेयर 1.16 प्रतिशत से लेकर 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इन्फोसिस, विप्रो, टेक महिंद्रा, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 4.50 प्रतिशत से लेकर 3.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,659 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 906 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,753 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 19 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 18 शेयर हरे निशान में और 32 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 265.21 अंक की कमजोरी के साथ 83,968.43 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से कुछ ही देर में यह सूचकांक उछल कर 84,061.62 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से पहले 15 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स 400 अंक से अधिक टूट कर 83,795.65 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 245.34 अंक की गिरावट के साथ 83,988.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 47.15 अंक फिसल कर 25,906.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के तुरंत बाद बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से पहले 15 मिनट में ही यह सूचकांक गिर कर 25,822.30 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 72.55 अंक की कमजोरी के साथ 25,881.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 40.28 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 84,233.64 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 18.70 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,953.85 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0