यूएन रिपोर्ट ने पाकिस्तान के ‘जैश की निष्क्रियता’ के दावे को नकारा, लाल किला हमले का भी जिक्र

युगवार्ता    12-Feb-2026
Total Views |

संयुक्त राष्ट्र, 12 फरवरी (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र की एक आतंकवाद निगरानी टीम ने पाकिस्तान के इस दावे को खारिज किया है कि जैश-ए-मोहम्मद (जैश) अब निष्क्रिय हो चुका है। हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि यह संगठन अब भी सक्रिय है और उसने कई हमलों की जिम्मेदारी ली है, जिनमें दिल्ली के लाल किला पर हुआ हमला भी शामिल है।

यूएन की एनालिटिकल सपोर्ट एंड सैंक्शंस मॉनिटरिंग टीम ने सुरक्षा परिषद को सौंपी अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया कि 9 नवंबर को नई दिल्ली स्थित लाल किले पर हुए हमले से जैश का संबंध बताया गया है, जिसमें कई लोगों की जान गई थी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि एक सदस्य देश ने जैश को निष्क्रिय बताया, लेकिन उसी इनपुट में यह जानकारी भी दी गई कि संगठन के सरगना मसूद अजहर अल्वी ने महिलाओं के लिए एक अलग विंग बनाए जाने की घोषणा की थी।

रिपोर्ट के अनुसार, जैश ने हाल के समय में कई हमलों की जिम्मेदारी ली है। जैश ए मोहम्मद और मसूद अजहर दोनों ही संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध सूची में शामिल हैं।

भारत ने इस रिपोर्ट में जैश की गतिविधियों का उल्लेख किए जाने का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि रिपोर्ट में सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताओं को जगह दी गई है और यह वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

रिपोर्ट में पहलगाम हमले का भी जिक्र है, जिसकी जिम्मेदारी द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली थी। इसे लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी संगठन माना जाता है। उस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। टीआरएफ पर अमेरिका और भारत ने प्रतिबंध लगाए हैं, हालांकि संयुक्त राष्ट्र की सूची में इसे अब तक शामिल नहीं किया गया है।

यह रिपोर्ट सुरक्षा परिषद की 1267 समिति से संबंधित है, जो आईएसआईएस, अल-कायदा और उनसे जुड़े संगठनों पर प्रतिबंधों की निगरानी करती है। फिलहाल समिति में अध्यक्ष पद को लेकर सहमति नहीं बन पाई है, जिसके कारण रिपोर्ट परिषद की मौजूदा अध्यक्षता संभाल रहे देश को सौंपी गई है।

इस घटनाक्रम ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर आतंकवाद और उससे जुड़े नेटवर्क पर निगरानी तथा कार्रवाई की जरूरत को रेखांकित किया है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags