
कठुआ, 13 फरवरी (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मंगाई गई हेरोइन की खेप पकड़कर नशा तस्करी के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा (आईपीएस) के नेतृत्व में चलाए गए इस ऑपरेशन में करीब 150 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मामले में थाना कठुआ में एफआईआर संख्या 71/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। पुलिस को जम्मू-कश्मीर/पंजाब सीमा के पास नगरी क्षेत्र में ड्रोन ड्रॉपिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। जांच के दौरान पहले आरोपी जतिन पुत्र अजीत कुमार निवासी मनवाल, पठानकोट को गिरफ्तार किया गया। आगे की कड़ी जोड़ते हुए दूसरे आरोपी दानिश डोगरा उर्फ साजन पुत्र शमशेर निवासी जखबड, कठुआ को भी गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्कर के संपर्क में थे और वीओआईपी कॉल के माध्यम से हेरोइन की खेप मंगाई गई थी। आरोपियों का मकसद इस नशीले पदार्थ को युवाओं में बेचकर आर्थिक लाभ कमाना था। पुलिस ने बताया कि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे की जांच जारी है। कठुआ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया