एशियन गेम्स–2026 के भारतीय दल में मप्र वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी के 10 खिलाड़ी चयनित

13 Feb 2026 23:26:53
मप्र के चयनित खिलाड़ी


भोपाल, 13 फरवरी (हि.स.)। एशियन गेम्स–2026 के लिए शुक्रवार को घोषित भारतीय नौकायन दल में मध्य प्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी के कुल 10 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें अकादमी के वर्तमान पांच खिलाड़ी तथा पांच पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं।

चयनित खिलाड़ियों में विभिन्न स्पर्धाओं के नाविक शामिल हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। यह चयन प्रदेश में विकसित हो रही नौकायन प्रतिभा और सुदृढ़ प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है।

अकादमी के वर्तमान खिलाड़ी

आईएलसीए–4 बालक वर्ग में वाशु चंदरवंशी, आईएलसीए–4 बालिका वर्ग में माही वर्मा तथा आईक्यू फॉइल्स बालक वर्ग में आर्यन पाटीदार का चयन हुआ है। मिक्स्ड 420 क्लास में एकलव्य बाथम और वंशिका सिखरवार की जोड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनी है।

अकादमी के पूर्व खिलाड़ियों को भी मिला स्थान

470 मिक्स्ड स्पर्धा में श्रद्धा वर्मा (भारतीय नौसेना) का चयन हुआ है। 49er FX वर्ग में हर्षिता तोमर और शीतल वर्मा (भारतीय नौसेना) की जोड़ी भारतीय टीम में शामिल हुई है। वहीं 49er क्लास में मनु (भारतीय सेना) का चयन किया गया है। चयनित नाविकों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह स्थान प्राप्त किया है।

मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएँ, अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन और प्रतियोगितात्मक वातावरण प्रदान किया जाता है। इसी सुदृढ़ व्यवस्था के कारण प्रदेश के खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने चयनित सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। मंत्री सारंग ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनके समर्पण, कड़ी मेहनत एवं अनुशासित प्रशिक्षण का प्रतिफल है तथा यह प्रदेश के खेल विकास के लिए प्रेरणादायक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0