मप्रः दुष्कर्म के आरोप में घिरे कथावाचक उत्तम स्वामी, कथा से बनाई दूरी

13 Feb 2026 23:35:53
कथावाचक उत्तम स्वामी (फाइल फोटो)


जबलपुर, 13 फरवरी (हि.स.)। दुष्कर्म के आरोप में घिरे श्री पंच अग्नि अखाडे़ के महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी इन दिनों मध्य प्रदेश के जबलपुर में कथा कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने कथा से दूरी बना ली। वह दोपहर में निर्धारित समय तक व्यासपीठ पर नहीं पहुंचे। बाद में उनकी जगह एक शिष्य ने कथा की।

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में भेड़ाघाट के नजदीक ग्राम हीरापुर बंधा में उत्तम स्वामी का एक आश्रम है। यहां 10 एकड़ में फैले अपने आश्रम में वह नौ फरवरी से कथा कर रहे हैं। 15 फरवरी तक उनकी कथा का आयोजन निर्धारित है। इस बीच, गुरुवार को राजस्थान की एक युवती का दिल्ली पुलिस को भेजा गया ईमेल सामने आया। इसमें युवती ने उत्तम स्वामी पर दुष्कर्म की शिकायत की है।

उन्होंने प्रतिक्रिया देने से किया मनामामले में प्रतिक्रिया के लिए उत्तम स्वामी से फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया और कहा कि समय आने पर अपना पक्ष रखेंगे। हीरापुर स्थित आश्रम में आने के बाद से उत्तम स्वामी प्रतिदिन सुबह ध्यान एवं साधना करते थे। उसके बाद आश्रम परिसर में दोपहर दो बजे से श्रीमद्भागवत कथा का पाठ करते थे।

शुक्रवार को स्वामी ने नित्य की भांति सुबह पूजन किया और आश्रम में चल रहे यज्ञ में आहुति दी। इसके बाद वह कुछ अनुयायियों से मिले और फिर विश्राम के लिए अपने कक्ष में चले गए। दोपहर को कथा के निर्धारित समय पर श्रद्धालु श्रोता आश्रम पहुंचने लगे, लेकिन दोपहर तीन बजे तक उन्होंने दर्शन नहीं दिए। महामंडलेश्वर अपने कक्ष से बाहर ही नहीं निकले। इस पर अनुयायियों ने स्वामी के स्वास्थ्य कारणों से विश्राम करने की जानकारी दी। शनिवार को उनके कथा करने का दावा किया है।

श्री पंच अग्नि अखाड़ा (शंभू पंच अग्नि अखाड़ा) का मुख्यालय उत्तर प्रदेश के वाराणसी में है। इसकी शाखाएं प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन, नासिक और जूनागढ़ में भी हैं। अखाड़े के महामंडलेश्वर ईश्वरानन्द महाराज को ध्यान योगी उत्तम स्वामी के नाम से भी जाना जाता है। उत्तम स्वामी पर राजस्थान निवासी एक युवती ने दुष्कर्म करने के आरोप लगाए हैं।

युवती ने 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर सुरक्षा की मांग भी की है। युवती का कहना है कि एफआईआर दर्ज करवाने की भनक लगते ही उसे धमकियां मिलने लगी हैं। उत्तम स्वामी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। उनके करीबी लोग समझौते का दबाव बना रहे हैं। युवती ने ई-मेल में लिखा है कि उसके और उसके परिवार के बारे में बेहद निजी जानकारी रखी जा रही है। उसे नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0