पीएचडीसीसीआई के 8वें वैश्विक फिल्म पर्यटन सम्मेलन का आयोजन

युगवार्ता    13-Feb-2026
Total Views |
पीएचडीसीसीआई के 8वें वैश्विक फिल्म पर्यटन सम्मेलन


नई दिल्ली, 13 फरवरी (हि.स.)। मुंबई में शुक्रवार को आयोजित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के 8वें वैश्विक फिल्म पर्यटन सम्मेलन में विशेषज्ञों ने फिल्म पर्यटन को देश की उन्नति का 'मुख्य स्तंभ' बताया।

इस सम्मेलन का मुख्य विषय 'सिनेमा पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है' था। यह तेलंगाना और मेघालय पर्यटन की ओर से आयोजित किया गया। इस दौरान, नीति निर्माताओं ने इस बात पर ज़ोर दिया कि फिल्में केवल मनोरंजन नहीं बल्कि डेस्टिनेशन ब्रांडिंग का सशक्त माध्यम हैं।

केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने एक विशेष वीडियो संदेश देते हुए कहा, “स्क्रीन पर दिखाई देने वाला कोई स्थान केवल भूगोल नहीं रह जाता; यह आकांक्षा, स्मृति और एक ऐसा सपना बन जाता है जिसे लोग स्वयं अनुभव करना चाहते हैं।” समावेशी विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म पर्यटन आजीविका, सॉफ्ट पावर और जमीनी स्तर पर आर्थिक अवसरों का एक शक्तिशाली चालक बन सकता है।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवम महानिदेशक सुमन बिल्ला ने कहा कि फिल्म पर्यटन को रणनीतिक रूप से तैयार किया जाना चाहिए, न कि इसे संयोग पर छोड़ दिया जाए।

वैश्विक शोध का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 8 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष सिनेमा और मीडिया से प्रभावित होते हैं।

सचिव ने कहा कि एक आकर्षक कहानी पारंपरिक विज्ञापन की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी ढंग से आकांक्षाओं को जगाती है। उन्होंने सिनेमा को एक सतत आर्थिक इंजन में बदलने के लिए आदर्श दिशा-निर्देश, मापने योग्य प्रोत्साहन संरचनाएं, पीपीपी ढांचे, डेटा-आधारित मूल्यांकन और निरंतर राजस्व ट्रैकिंग की आवश्यकता पर जोर दिया।

पीएचडीसीसीआई की पर्यटन एवं आतिथ्य समिति के सह-अध्यक्ष राजन सहगल ने कहा कि फिल्म पर्यटन अब कोई मामूली विषय नहीं रह गया है। यह भारत की गंतव्य ब्रांडिंग रणनीति का केंद्र बिंदु है।

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में, तेलंगाना सरकार के पर्यटन विभाग के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन, पीएचडीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवम महासचिव डॉ. रणजीत मेहता, दक्षिण भारतीय फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रवि कोट्टारकरा और मोशन पिक्चर एसोसिएशन (भारत) के प्रबंध निदेशक उदय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नीति निर्माता, कंटेंट क्रिएटर, आतिथ्य क्षेत्र के नेता तथा पर्यटन से जुड़े हितधारक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags