बदलती दुनिया में विजन के साथ रिफॉर्म कर रही सरकार, दिखाई दे रहे परिणाम : प्रधानमंत्री मोदी

युगवार्ता    13-Feb-2026
Total Views |
कार्यक्रम को संबोधित करते प्रधानमंत्री


नई दिल्ली, 13 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि बदलती दुनिया में अब राष्ट्रों को सीख मिल रही है कि अपनी क्षमता का विकास करना कितना आवश्यक है। उनकी सरकार पहले से ही विजन के साथ रिफॉर्म कर रही है जिसके परिणाम स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री आज एक टीवी चैनल के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद बनी विश्व व्यवस्था आज बदल रही है। उस समय बनी व्यवस्था में अर्थव्यवस्था केंद्र में थी और राष्ट्र केवल उसमें योगदानकर्ता के तौर पर ही थे। हालांकि अब विश्व व्यवस्था नया आकर ले रही है और राष्ट्रों को समझ आ रहा है कि अपनी क्षमता कितनी महत्वपूर्ण है। आज दुनिया जिसकी चर्चा कर रही है आज से 10 साल पहले ही हमने उसे अपनी नीति का हिस्सा बना लिया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने समय से पूर्व ही विजन के साथ रिफॉर्म किए हैं। नीति आयोग के गठन के समय ही उनकी सरकार ने स्पष्ट कर दिया था कि हम किसी देश के एकल विकास मॉडल को नहीं अपनाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज भारत के साथ विश्व के बड़े देशों के व्यापार समझौते चर्चा का विषय बने हुए हैं। यह समझौते इस कारण से संभव हुए कि आज भारत आत्मविश्वास के साथ दुनिया के साथ प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि जब देश नीतिगत असमंजस घोटाले और धोखाधड़ी में फंसा हो तो कौन उसपर विश्वास कर सकता है। 2014 से पहले विजन, नीति और इरादे के अभाव के कारण ही इस तरह के व्यापार समझौते नहीं हो पाए।

उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में उनकी सरकार ने पूरी शिद्दत के साथ रिफॉर्म किए हैं। यह रिफॉर्म नीति, सोच और परिणाम को लेकर थे। वहीं कांग्रेस की सरकारों के दौरान हुए रिफॉर्म मजबूरी की देन थे। इस कारण से वह रिफॉर्म उचित परिणाम नहीं दे पाए।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के रिफॉर्म की झलक केंद्र के बजट में भी दिखाई देती है। पहले केंद्र सरकार का बजट परिव्यव आधारित होता था। अब यह परिणाम पर भी केंद्रित है। पहले बजट में केवल महंगा सस्ता, इनकम टैक्स आदि की चर्चा होती थी और रिफॉर्म पूरी तरह से बजट आधारित होते थे। उनकी सरकार ने अब वर्ष भर रिफॉर्म की नीति बनाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags