शेयर बाजार में आईटी सेक्टर की वजह से मचा कोहराम, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

युगवार्ता    13-Feb-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


- एक दिन मेें निवेशकों को लगा 7.11 लाख करोड़ रुपये का चूना

नई दिल्ली, 13 फ़रवरी (हि.स.)। नकारात्मक ग्लोबल संकेतों, आईटी सेक्टर में जारी जोरदार बिकवाली और रुपये की कमजोरी के कारण घरेलू शेयर बाजार आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। आज शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में कुछ तेजी भी आई। हालांकि थोड़ी ही देर बाद बिकवाली का दबाव बढ़ गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। दिन के पहले सत्र में खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की लेकिन दूसरे सत्र में बाजार पर बिकवाल पूरी तरह से हावी हो गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.25 प्रतिशत और निफ्टी 1.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट का शिकार होकर लाल निशान में बंद हुए। आईटी सेक्टर के अलावा मेटल और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में भी आज जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, टेक, ऑयल एंड गैस, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल, कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल, एनर्जी, रियल्टी, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेलीकॉम और बैंकिंग इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.71 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 465.37 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 472.48 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 7.11 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,364 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,318 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,882 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 164 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,909 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 637 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान और 2,272 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ दो शेयर बढ़त के साथ और 28 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से छह शेयर हरे निशान में और 44 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 772.19 अंक की कमजोरी के साथ 82,902.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक उछल कर 83,079.70 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी करते रहे लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि सेंसेक्स संभल नहीं सका। खासकर, दिन के दूसरे सत्र में मंदडिये पूरी तरह से बाजार पर हावी हो गए, जिसके कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 1,140.37 अंक टूट कर 82,534.55 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली खरीदारी के कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 90 अंक से अधिक की रिकवरी कर 1,048.16 अंक की गिरावट के साथ 82,626.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 236.05 अंक टूट कर 25,571.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक छलांग लगा कर 25,630.35 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार पर मंदड़ियों का कब्जा हो गया, जिसके कारण इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। दिन के पहले सत्र में खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की लेकिन बिकवाली के दबाव के आगे खरीदारों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले निफ्टी 362.90 अंक लुढ़क कर 25,444.30 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे के कारण हुई खरीदारी के कारण यह सूचकांक निचले स्तर से 25 अंक से अधिक की रिकवरी कर 336.10 अंक की कमजोरी के साथ 25,471.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज फाइनेंस 2.57 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 1.54 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 0.60 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 0.52 प्रतिशत और सिप्ला 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 5.74 प्रतिशत, हिंदुस्तान युनिलीवर 4.34 प्रतिशत, एटरनल 4.30 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.40 प्रतिशत और ओएनजीसी 3.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags