अमित शाह तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगे तिरुचिरापल्ली

युगवार्ता    13-Feb-2026
Total Views |
फाइल फोटो अमित शाह


तिरुचिरापल्ली, 13 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर आज तिरुचिरापल्ली पहुंच रहे हैं। वो पार्टी पदाधिकारियों से चुनावी स्थिति को लेकर चर्चा करेंगे।

भाजपा तमिलनाडु के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर है। पार्टी ने अन्नाद्रमुक साथ गठबंधन किया है। तमिलनाडु चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल सहित तीन सदस्यी समिति का गठन किया गया है। यह समिति विधानसभा चुनाव, गठबंधन से जुड़े मुद्दों और सीट बंटवारे जैसे विषयों को संभाल रही है।

शाह दिल्ली से विशेष विमान के जरिये तिरुचिरापल्ली हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से वे एक होटल में रात विश्राम करेंगे। वो शनिवार को तिरुचिरापल्ली से पुडुचेरी र के कराईकल क्षेत्र के लिए रवाना होंगे। कराईकल के वरिचिकुडी सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। वहां से वे कार से कराईकल पहुंचेंगे। यहां नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से वे हेलीकॉप्टर से वापस तिरुचिरापल्ली हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से विमान से सलेम के लिए रवाना होंगे। सलेम में आयोजित भाजपा की केंद्रीय समिति की बैठक में वो हिस्सा लेंगे।

तिरुचिरापल्ली में पीयूष गोयल, केंद्रीय राज्यमंत्री एल. मुरुगन और तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नयनार नागेन्द्रन सहित अन्य नेताओं के साथ अमित शाह महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में पार्टी उम्मीदवारों की सूची अमित शाह को सौंपी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags