अखिल भारतीय मो. शाहिद हॉकी प्रतियोगिता में 12 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी

युगवार्ता    13-Feb-2026
Total Views |

— एक दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे

वाराणसी,13 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अखिल भारतीय पद्मश्री मोहम्मद शाहिद आमंत्रण प्राइज मनी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता 17 से 24 फरवरी के बीच डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में 12 टीमें खिताब के लिए लीग कम नाक आउट आधार पर आपस में भिड़ेंगी। शुक्रवार को यह ​जानकारी आयोजन सचिव आरएसओ विमला सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश की 12 मशहूर टीमों के बीच खिताब के लिए लीग कम नाक आउट आधार पर मुकाबला होगा। विजेता टीम को दो लाख, उप विजेता टीम को एक लाख रुपए पुरस्कार स्वरूप मिलेगा। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपए मिलेगा। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को दिन में 12 बजे उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के बीच उद्घाटन मैच खेला जाएगा। ओलंपियन ललित उपाध्याय सहित एक दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विभिन्न टीमों से अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारी कर ली गई है। निर्णायक भी 16 फरवरी तक वाराणसी पहुंच जाएंगे। सभी टीमों को होटलों में ठहराने का इंतजाम किया गया है। एस्ट्रो टर्फ को साफ करने वाली मशीन भी आ गई है। युद्ध स्तर पर मैदान को साफ किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Tags