पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्षों से केरल में लहराएगा भाजपा व एनडीए का परचम: डॉ. मोहन यादव

युगवार्ता    14-Feb-2026
Total Views |
सीएम हाउस पहुंचे केरल के जनप्रतिनिधि


ग्वालियर में नरेन्द्र सिंह तोमर से मिले केरल के जनप्रतिनिध


भोपाल पहुंचने पर केरल के जनप्रतिनिधियों का स्वागत


भोपाल, 14 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केरल निकाय चुनाव में भाजपा व एनडीए की सफलता जनविश्वास का सशक्त प्रमाण है। पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्षों से आने वाले समय में केरल में भाजपा व एनडीए का परचम लहराएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को केरल के जनप्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के ‘भाजपा फॉर विकसित केरलम’ कार्यक्रम के तहत केरल के निकायों के जनप्रतिनिधिगण दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार को भोपाल और ग्वालियर पहुंचे। भोपाल और ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। भोपाल पहुंचे 11 सदस्यीय जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल ने शाम को मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मुलाकात की।

राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा में जुटे हैं भाजपा कार्यकर्ताः डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा में जुटे हुए हैं। केरल के निकायों में भाजपा व एनडीए के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में विजय यह स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि प्रधानमंत्री के प्रति केरल की जनता का अटूट विश्वास है। केरल निकायों में मिली सफलता से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह, नया संकल्प और आगे बढ़ने का विश्वास और मजबूत किया है।

डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली, योजनाओं की जानकारी, जनहित से जुड़े कार्यों और संगठन को जमीनी स्तर पर कैसे जनता की सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाया जाता है जैसे विषयों पर संवाद किया गया। मध्य प्रदेश सरकार की योजनाओं व नवाचारों से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। जनता की सेवा और अपने क्षेत्र के विकास को कैसे अंजाम तक पहुंचाया जाता है, इस संबंध में भी संवाद किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, भोपाल नगर निगम के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी उपस्थित रहे।

वहीं, केरल के जनप्रतिनिधियों का 13 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल शनिवार को ग्वालियर पहुंचा और मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से मुलाकात कर संवाद किया। संवाद करते हुए तोमर ने कहा कि केरल में जनसंघ के समय से विचार के लिए हमारी पार्टी के कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे हैं। आने वाले चुनावों में भाजपा की विजय सुनिश्चित है।

श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे व ओ राजगोपाल का अनुशरण करें कार्यकर्ता: तोमर

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ग्वालियर में केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का बहुत लंबा इतिहास है। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के पितृ पुरूष श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे और ओ राजगोपाल के विचारों व कार्यों से सीखना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी कैसे संगठनात्मक कार्यों को करती है। एक कार्यकर्ता को कैसा जीवन व्यतीत करना चाहिए, कैसे राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश और समाज के लिए कार्य करना चाहिए।

तोमर ने कहा कि संवाद के दौरान मैंने जनप्रतिनिधियों को ग्वालियर नगर निगम, प्रशासनिक अनुभव, भाजपा संगठन, भाजपा सरकार के कार्यों एवं मध्यप्रदेश की समृद्धशाली, गौरवशाली ऐतिहासिक पृष्टिभूमि के संबंध में भी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के संघर्ष से आने वाले दिनों में केरल में भाजपा को ऐतिहासिक विजय मिलना सुनिश्चित है।

प्रधानमंत्री ने किया मप्र की बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का उल्लेख-जनप्रतिनिधिगण

केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों ने भोपाल में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से मध्य प्रदेश प्रवास पर आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात के दौरान मध्य प्रदेश की बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए यहां आकर कार्यप्रणाली का अवलोकन करने के लिए कहा था। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम तय किया गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दूरदृष्टि वाले सरल स्वभाव के व्यक्तित्व हैं। मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश को लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ाते हुए विकसित मध्य प्रदेश बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि केरल के निकाय चुनावों में मिली सफलता से कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा है। आने वाले विधानसभा चुनावों में केरल में भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प के साथ संगठन के नेतृत्व में कार्यकर्ता निरंतर मेहनत कर रहे हैं और पार्टी को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय व विभिन्न परियोजनाओं का किया भ्रमण

केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों ने भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों से संवाद किया। भाजपा पदाधिकारियों ने पार्टी संगठन की कार्यप्रणाली से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों ने कार्यालयों का भ्रमण कर संगठन के कार्यों को समझा। जनप्रतिनिधियों ने तुलसी नगर स्थित नगर निगम ग्रीन भवन का भ्रमण कर प्रजेंटेशन देखा। सुभाष नगर से रानी कमलापति तक मेट्रो ट्रेन का भ्रमण कर कार्यप्रणाली को समझा। तत्पश्चात् प्रतिनिधिमंडल स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर का निरीक्षण, ट्रेचिंग ग्राउंड भानपुर खंती का भ्रमण कर बरखेड़ा स्थित अयप्पा मंदिर में दर्शन-पूजन किया। जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न स्थानों पर प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

केरल निकायों के जनप्रतिनिधियों ने समझी योजनाओं की कार्यप्रणाली

भारतीय जनता पार्टी के ‘‘भाजपा फॉर विकसित केरलम‘‘ कार्यक्रम के अंतर्गत ग्वालियर पहुंचे केरल निकाय के जनप्रतिनिधियों का ग्वालियर रेल्वे स्टेशन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों ने फूलबाग स्थित लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किया। इसके पश्चात् मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष तोमर से सौजन्य भेंट कर संवाद किया। तत्पचात् मुरार स्थित आदर्श गौशाला का भ्रमण कर जलालपुर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया। इसके पश्चात् मानपुर पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों का अवलोकन किया और स्वदेश कार्यालय व महाराज बाड़ा स्थित भाजपा जिला कार्यालय मुखर्जी भवन का भ्रमण कर पार्टी पदाधिकारियों से संवाद किया। इसके बाद किला पहुंचकर लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन किया।

केरल के निकायों के जनप्रतिनिधिगण रविवार, 15 फरवरी को भोपाल और ग्वालियर के विभिन्न स्थलों का करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags