ढाका, 14 फरवरी (हि.स.)। नवनिर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी संसद सचिवालय की सचिव कनीज मौल ने शनिवार को दी।
अधिकारियों के अनुसार, शपथ ग्रहण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी निर्वाचित सदस्यों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकारी सूत्रों का यह भी कहना है कि सांसदों के शपथ ग्रहण के साथ ही नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो सकती है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया कि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो नई सरकार भी उसी दिन शपथ ले सकती है।
हालांकि, नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर अंतिम कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। राजनीतिक हलकों में इसे नई संसद के गठन और सत्ता के औपचारिक हस्तांतरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इससे पहले, बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान, जो चुनाव में अपनी पार्टी को पूर्ण बहुमत दिलाने के बाद बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बनने वाले हैं, ने शनिवार दोपहर ढाका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को हर कीमत पर बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया जाएगा जिसके लिए उन्होंने सभी से एक सुरक्षित और मानवीय राष्ट्र के निर्माण में सहयोग करने का आग्रह किया।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय