एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग का भारत दौरा रद्द

14 Feb 2026 20:17:53
एनवीडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जेन्सेन हुआंग का फाइल फोटो


नई दिल्‍ली,14 फरवरी (हि.स)। दिग्गज चिप विनिर्माता एनवीडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेन्सेन हुआंग ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में भाग लेने के लिए अपना प्रस्तावित भारत दौरा रद्द कर दिया है। हालांकि, कंपनी अपना एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए भेज रही है।

आधिकारिक सूत्रों ने दी जानकारी में बताया, ‘एनवीडिया ने कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण जेन्सेन हुआंग का दौरा रद्द कर दिया है, लेकिन कंपनी अपना एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस सम्मेलन में भेज रही है।’ अधिकारी ने बताया कि हुआंग का दौरा रद्द होने के संबंध में जानकारी शनिवार शाम को प्राप्त हुई है।

उल्‍लेखनीय है कि चिप के निर्माण में एनवीडिया अपने तेज प्रोसेसिंग वाले जीपीयू सर्वर के कारण वैश्विक कृत्रिम मेधा (एआई) पारिस्थितिकी में दबदबा रखने वाली प्रमुख कंपनियों में से एक है। ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक राजधानी नई दिल्‍ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0