ईशा महाशिवरात्रि में राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि

14 Feb 2026 20:39:53

कोयंबटूर, 14 फ़रवरी (हि.स.)। इस वर्ष ईशा फाउंडेशन के ईशा योग केंद्र में आयोजित महाशिवरात्रि कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह जानकारी शनिवार को ईशा योग केंद्र की दक्षिण कैलाश भक्ति पेरवई के स्वयंसेवक रविंद्रन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।

विज्ञप्ति के मुताबिक रविवार को तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र में 33वां महाशिवरात्रि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सद्गुरु के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन तथा अन्य कई प्रमुख हस्तियां भी उपस्थित रहेंगी।

इस बार पहली बार कार्यक्रम में सद्गुरु द्वारा योगेश्वर लिंग का महा अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद संगीत और ध्यान सत्र आयोजित होगा। फिर दिव्य स्त्रीत्व का उत्सव मनाने वाली भव्य शोभायात्रा ‘लिंग भैरवी महायात्रा’ निकाली जाएगी। इसके पश्चात प्रमुख आकर्षण ‘आदियोगी दिव्य दर्शन’ होगा, जिसमें 112 फीट ऊंची अदियोगी शिव मूर्ति (Adiyogi Shiva Statue) प्रतिमा पर प्रकाश और ध्वनि का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।

सुरक्षा और सुविधाएं

कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग, शुद्ध पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। महाशिवरात्रि उत्सव का सीधा प्रसारण विश्वभर के 100 से अधिक स्थानों पर किया जाएगा। यह कार्यक्रम 23 भाषाओं में 100 से अधिक टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होगा, जिसे विश्वभर में लगभग 14 करोड़ दर्शक देख सकेंगे।

विशेष रूप से तमिलनाडु के 60 स्थानों और केरल के 29 मंदिरों में भी इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0