एफटीए और अमेरिकी ट्रेड डील का भरपूर लाभ उठाएं व्यापारी: सुनील सिंघी

युगवार्ता    14-Feb-2026
Total Views |
व्‍यापार समझौते के लोगो का प्रतीकात्‍मक चित्र


नई दिल्‍ली, 14 फरवरी (हि.स)। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (एनटीडब्ल्यूबी) के चेयरमैन सुनील सिंघी ने शनिवार को राजधानी नई दिल्‍ली के उद्यमियों एवं व्यापारियों से आह्वान किया कि वे भारत के साथ यूरोपीय संघ के मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और अमेरिका के साथ हुए आंतरिक व्यापार समझौते का भरपूर लाभ उठायें, देश निर्यात में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

सुनील सिंघी ने दिल्ली के सुप्रसिद्ध उद्यमी एस. एस. अग्रवाल और प्रदीप जिंदल को एनटीडब्ल्यूबी द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत जीएसटी 2.0 बचत उत्सव एवं सम्मान समारोह में व्यापारी रत्न से सम्मानित के बाद अपने संबोधन में यह बात कही। एस एस अग्रवाल कॉन्टिनेंटल मिल्कोज इंडिया के संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं ज‌बकि प्रदीप जिंदल, जिंदल सेल्स कॉपोरेशन के प्रबंध निदेशक हैं।

सिंघी ने कहा कि इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पाद के निर्यात पर लगे 50 फीसदी टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। केंद्र सरकार इससे पहले कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते कर चुकी है।

सिंघी ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 में भी एसएमएसई सेक्टर को रियायती ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

इस अवसर पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामगोपाल गोयल, दिल्ली प्रदेश के चेयरमैन नरेश ऐरण सहित अन्य ने अपने विचार व्यक्त किये।

उल्‍लेखनीय है कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड ने देश के प्रतिष्ठित व्यापारियों को व्यापारी रत्न से सम्मानित करने के लिए यह अवार्ड शुरू किया है। इस अवार्ड कार्यक्रम में अग्रवाल और जिंदल को प्रदान किया गया यह पहला अवार्ड है। व्यापारी रत्न के रूप में इन्हें अशोक स्तंभ का प्रतीक चिन्ह, प्रशस्तिपत्र और शाल भेंट की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags